दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 दिसंबर। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामगोपाल गर्ग के नेतृत्व में संपत्ति संबंधी अपराधों के रोकथाम के लिए सामुदायिक एवं प्रीवेंटिव पुलिसिंग के तहत टीम बनाकर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर अभिषेक झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनंत कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राइम अनुराग झा के मार्गदर्शन में लगातार टीम द्वारा करवाई की गई थी।
पिछले दो माह के आंकड़ों में अपराधों में 21 फीसदी की कमी आई है। 14 अक्टूबर से 14 दिसंबर 2023 के मध्य 88 लाख से अधिक की राशि संपत्ति संबंधी अपराधों में बरामद की गई है जो संपत्ति संबंधी अपराधों में तीन गुना से ज्यादा की राशि बरामद करने में टीम को सफलता मिली है। वर्ष 2022 में दिनांक 14 अक्टूबर से 14 दिसंबर तक में संपत्ति संबंधी अपराधों मे बरामदगी की तुलना में वृद्धि हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग की लगातार मॉनिटरिंग एवं कुशल नेतृत्व में पुलिस की टीम लगातार पेट्रोलिंग, बाइक पेट्रोलिंग, इवनिंग फुट पेट्रोलिंग, नाइट गश्त, प्रात: बैंक चेकिंग पेट्रोलिंग, गुंडे बदमाशों पर सख्त कार्रवाई की है, जिसका परिणाम है कि अपराध में गिरावट लगातार जारी है।