दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 15 दिसंबर। चार महीने पहले मुखबिरी कर पुलिस से पकड़वाने से नाराज़ शहर के एक कबाड़ी ने टिफिन सप्लायर का रास्ता रोक डंडे से जमकर मारपीट की है। कल रात पीडि़त टिफिन सप्लायर ने छावनी थाना पहुंच आरोपी कबाड़ी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
एसआई महेंद्र प्रताप ने बताया कि दादा टूर एण्ड ट्रेवल्स कार्यालय के सामने, गौरव पथ रोड, बैकुण्ठधाम केम्प 2 में कल शाम पीयूष आनंद शर्मा (32 वर्ष) निवासी मदर टेरेसा नगर, मयूर पार्क के पास अपनी भतीजी के घर पैदल जा रहा था, तभी शंकर साव कबाड़ी ने उसका रास्ता रोक जुलाई में पुलिस को मुखबिरी कर पकड़वाने की बात कहते हुए मारपीट की।
पीयूष ने बताया कि विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी देते हुए पास में पड़े बांस के डण्डे से उसे पीटा है। पीयूष के पैर व कमर में चोट लगी है। आस-पास लोगों के बीच बचाव बाद आरोपी घटनास्थल से भाग निकला। शंकर साव के खिलाफ धारा 294, 323, 341, 506बी के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।