दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 दिसंबर। थाना पाली जिला कोरबा निवासी प्रार्थी सुनील मरकाम की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए उतई पुलिस ने गले पर चाकू रखकर लूट की घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लूट की रकम 1200 रुपए, हाथ घड़ी एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त किया है।
10 दिसंबर को प्रार्थी सुनील मरकाम अपने दोस्त उत्तम कुमार आरमोर के साथ गोंड पैंड्री मशरूम फैक्ट्री अपने दोस्त महेंद्र एवं अर्जुन से मिलने गया हुआ था। चारों दोस्त ग्राउंड में बैठकर बातचीत कर रहे थे। उसी समय दोपहर 2 बजे तीन व्यक्ति मोटरसाइकिल से आए। उसमें से एक आरोपी ने जेब से चाकू निकालकर सुनील के गले में लगा दिया। वहीं दूसरे लडक़े ने सुनील के दोनों हाथ पकड़ लिया। एक आरोपी ने जेब चेक करके जेब में रखे 2700 रुपए को जबरदस्ती निकाल लिया और उत्तम कुमार आरमोर के हाथ में पहनी घड़ी को छीन लिए। भाग निकले। प्रार्थी के बताए हुलिए के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नकुल वर्मा 23 वर्ष, चंदन भंडारी 19 वर्ष एवं अनिकेत रात्रे 19 वर्ष सभी निवासी गोंडपेंड्री को हिरासत में लिया। आरोपियों ने अपना अपराध कबूल किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से घड़ी, रकम एवं मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 बी वाई 7656 को जप्त कर कब्जे में लिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उतई निरीक्षक कपिल देव पांडे, उप निरीक्षक कमल सिंह सेंगर, सहायक उप निरीक्षक राजकुमार देशमुख, नेमन सिंह साहू, प्रधान आरक्षक भीष्म नारायण साहू, हेमंत चंदेल, आरक्षक दुष्यंत लहरे,विजय कुर्रे का विशेष योगदान रहा।