दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 दिसंबर। पुरानी दुश्मनी को लेकर युवक की हत्या करने वाले दो आरोपियों को कोर्ट ने सजा दी है, वहीं इस मामले के दो आरोपी अब तक फरार है। सत्र न्यायाधीश दुर्ग नीता यादव की कोर्ट ने आरोपी ए जानपाल एवं जी रमेश को धारा 302 के तहत आजीवन कारावास ,1000 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर एक माह के अतिरिक्त सश्रम कारावास की सजा सुनाई है।
2 सितंबर 2020 की शाम लगभग 7.30 बजे डी मनीष अपने साथी आशीष एवं अपने बड़े पिता डी रमेश के साथ सेक्टर 6 इस्पात क्लब के पीछे बीएसपी स्कूल के पास खड़ा हुआ बातचीत कर रहा था।
इसी दौरान आरोपी ए जानपाल उर्फ डीके 25 वर्ष निवासी सडक़ 56 सेक्टर 6, रमेश 21 वर्ष सडक़ 57 सेक्टर 6 अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और पुरानी दुश्मनी को लेकर डी मनीष के साथ विवाद करने लगा। इसके बाद आरोपी जानपाल ने मनीष को पीछे से पकड़ लिया और रमेश ने अपने पास रखे धारदार चाकू को निकाला और हत्या की नीयत से ताबड़तोड़ वार कर दिया।
लोक अभियोजक बालमुकुंद चंद्राकर ने बताया कि इससे डी मनीष को गंभीर चोटे आई और उसे इलाज के लिए सेक्टर 9 अस्पताल ले जाया गया था। वहां से उसे हायर ट्रीटमेंट के लिए रायपुर अस्पताल ले जाकर भर्ती किया गया, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।