दुर्ग

ईंट और डंडे से दो परिवारों में मारपीट
11-Dec-2023 3:37 PM
ईंट और डंडे से दो परिवारों में मारपीट

देर रात काउंटर रिपोर्ट पर 5 के खिलाफ अपराध दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 दिसंबर।
कल देर रात छावनी थाना अंतर्गत शर्मा कालोनी विवेकानंद नगर में पुराने लेन देन को लेकर दो परिवारों में जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्ष आपस में ईंट और डंडे से एक-दूसरे पर हमला करने लगे, जिससे सभी को चोटें आईं हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और काउंटर रिपोर्ट दर्ज कर पांच लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।

छावनी थाना पुलिस ने बताया कि कल रात पौने 11 बजे दुर्गेश किराना दुकान के पास निवासी रेखा सोनी और प्रमोद पासवान दो परिवार के सदस्यों के आपस में मारपीट की सूचना पर टीम घटनास्थल पहुंची और दोनों पक्ष को थाना लाया गया। प्रमोद ने बताया कि एक माह पूर्व उसके बेटे महेश को उसके दोस्त मोनू सोनी ने एक मोबाइल फोन देकर बदले में कुछ पैसे लिए थे। कल रात मोनू सोनी और उसका भाई सोनू घर आकर महेश को गालियां देते हुए विवाद करने लगे। उन्हें झगड़ते देख प्रमोद और उसकी पत्नी बबीता जब बीच बचाव करने आये तो दोनों, सबको जान से मार देंगे कहते हुए मारपीट करने लगे। मोनू ने पास ही पड़ी ईंट के टूकडे से बबीता के सिर में मारा है, जिससे उसका सिर फूट गया।

जबकि रेखा सोनी ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे अंकित सोनी उर्फ मोनू ने अपने दोस्त महेश को कुछ दिन पहले अपना मोबाइल फोन रखने के लिए दिया था, बदले में कुछ रूपये लिया था। 10 दिसंबर की रात महेश के पिता पप्पू और उनके साथी सत्येन्द्र, धर्मेन्द्र तीनों ने अंकित उर्फ मोनू के पास आकर बोले कि महेश का रूपया वापस कर नहीं तो तुझे और तेरे परिवार को जान से मार देंगे। मोनू ने विरोध किया तो तीनों पप्पू, सत्येन्द्र व धर्मेन्द्र एक राय होकर रेखा और उसके देवर राधेश्याम सोनी से मारपीट करने लगे। पप्पू ने अपने पास रखे डण्डे से मारपीट कर चोट पहुंचाया है जिससे रेखा के माथे में चोट लगी है।

राधेश्याम सोनी के बाएं हाथ में चोट आई है। इस मामले में पुलिस ने मोनू सोनी, सोनू सोनी, पप्पू उर्फ प्रमोद, सत्येंद्र और धर्मेंद्र के खिलाफ धारा 294, 323, 34, 506बी के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

 


अन्य पोस्ट