दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 दिसंबर। महाराष्ट्र शासन के आपदा प्रबंधन एवं सहकारिता मंत्री अनिल दादा पाटिल शनिवार की शाम कसारीडीह सिविल लाइन स्थित प्रसिद्ध साई बाबा मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने साई बाबा के दर्शन कर प्रदेश व देश के लोगों की खुशहाली व सुख समृद्धि की कामना की।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री पाटिल का मंदिर समिति के पदाधिकारियो द्वारा शाल श्रीफल व मोमेंटो भेंटकर सम्मान किया गया। चर्चा के दौरान मंदिर समिति द्वारा शिर्डी महाराष्ट्र में साई बाबा के दर्शन एवं ठहरने की सुविधा में साई बाबा मंदिर समिति के सदस्यों को प्राथमिकता देने के संबंध में उनसे पहल करने का आग्रह किया गया। जिस पर कैबिनेट मंत्री पाटिल ने साई मंदिर समिति के पदाधिकारियों को अश्वस्त किया है कि वे इस संबंध में शिर्डी ट्रस्ट को पत्र प्रेषित कर उचित पहल करेंगे, ताकि छत्तीसगढ़ से शिर्डी पहुंचने वाले साई भक्तों को सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ मिल सके। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री अनिल दादा पाटिल ने साई मंदिर की गतिविधियों व व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए इस माह 24, 25 व 26 दिसंबर को मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय 47वें वार्षिक महोत्सव में आने की अपनी सहमति भी दी है।
सम्मान समारोह का संचालन मंदिर समिति के उपाध्यक्ष शिवाकांत तिवारी और आभार प्रदर्शन सचिव धनेंद्र सिंह चंदेल ने किया। इस दौरान समाजसेवी सतीश समर्थ, दिनेश पाटिल, मंदिर समिति सचिव धनेंद्र सिंह चंदेल, कोषाध्यक्ष सुजीत गुप्ता, उपाध्यक्ष शिवाकांत तिवारी, सह सचिव संतोष यदु, प्रचार सचिव अजय सुरपाम, कार्यकारिणी सदस्य कौशल किशोर सिंह, संतोष खिरोडक़र, नरेंद्र राठी, गणेश निर्मलकर, रोमनाथ साहू, प्रभाकर राव पाटने, नारायणदत्त तिवारी, प्रकाश शिवणकर, मुरलीधर राऊत, पंडित कैलाश तिवारी, अरविंद लोखंडे के अलावा बड़ी संख्या में साई भक्त मौजूद थे।