दुर्ग

सीआईएसएफ के रिटायर्ड सहायक कमांडेंट से साढ़े 7 लाख की ठगी
09-Dec-2023 8:07 PM
सीआईएसएफ के रिटायर्ड सहायक कमांडेंट से साढ़े 7 लाख की ठगी

गैस एजेन्सी लेने किया था एप्लाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 9 दिसंबर। भारत पेट्रोलियम की गैस ऐजेन्सी दिलाने का झांसा देकर फर्जी दस्तावेज मेल आईडी से रिटायर्ड सहायक कमांडेंट से अलग अलग किश्तों में रजिस्ट्रेशन, सर्टिफिकेशन, लाईसेंस, एग्रीमेंट, इशोंरेंस, एनओसी, सिक्योरिटी डिपाजिट के नाम पर कुल 7 लाख 54 हजार रूपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है।

नेवई थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा ने बताया कि इस मामले में तीन मोबाइल नंबर धारकों, 2ईमेल आईडी के संचालकों और कोटेक महिन्द्रा और एचडीएफसी बैंक के दो खाताधारकों जिनके खातों में रूपये मंगाए गए हैं, के खिलाफ धारा 34 व 420 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार सीआईएसएफ के रिटायर्ड सहायक कमांडेंट एन के टोप्पो ने उज्जवला योजना के तहत गैस ऐजेंसी खोलने के लिये गुगल में अपना मोबाईल व ईमेल डाला था। इसके बाद उनके पास अभिनव पाटिल , सुशांत पाढ़ी  एवं अभिनव मंडल द्वारा फोन कर भारत पेट्रोलियम गैस की ऐजेन्सी दिलाने का झांसा दे फर्जी दस्तावेज टोप्पो के मेल आईडी पर भेजकर अलग-अलग किश्तों में रजिस्ट्रेशन, सर्टिफिकेशन, लाईसेंस, एग्रीमेंट, इसोंरेंस, एनओसी, सिक्योरिटी डिपाजिट, के नाम पर 7 लाख 54,000 रूपये जमा करा ठगी की गयी। जब आरोपी न ही पैसा वापस किए और न ही फोन उठा रहे तब पीडि़त ने थाना पहुंच रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

ज्ञात हो कि एन के टोप्पो आशीष नगर पश्चिम रिसाली निवासी हैं। उज्ज्वला योजना के अंतर्गत भारत पेट्रोलियम करपोरेशन लिमिटेड से गैस एजेंसी खोलने के लिए गूगल ऐप पर सर्च करने के बाद कुछ लोग खुद को भारत पेट्रोलियम अधिकारी बताते हुए फोन लगा प्रोसेस के नाम पर रूपये मंगाते रहे।

अभिनव पाटिल ने अपने आपको भारत पेट्रोलियम कंपनी का अधिकारी कहकर उन्हें सबसे पहले फोन किया और गैस एजेंसी खोलने के लिये क्या-क्या कार्यवाही करना है, इसके बारे में विस्तार से बताया। टोप्पो की ईमेल आईडी पर एप्लीकेशन फार्म भी भेजा गया। जिसे भरकर मोबाईल पर वाट्सअप करने बोला गया। टोप्पो से जमीन का कागजात, पैन कार्ड, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण सर्टिफिकेट फोटो खींचकर अभिनव पाटिल ने व्हाट्सएप पर मंगाया और उनका टेंडर पास होने की बात कह कर भारत गैस एजेंसी एप्रूवल लेटर मेल किया।

श्री टोप्पो की लगातार पाटिल से बातचीत होती रही, इसी बीच तथाकथित सुशांत कुमार पाढी नोडल आफिसर ऐरिया मैनेजर व अभिनव मंडल एलपीजी डीलर से बातचीत हुई। टोप्पो से प्रोसेस ऑफ डाक्यूमेंट के लिए 15 हजार 500 रूपये एनईएफटी के जरिए भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड पर कोटेक महिन्द्रा बैक के एक अकाउंट में मंगाए गए। टोप्पो ने एसबीआई सिविक सेंटर भिलाई से एनईएफटी द्वारा 15 हजार 500 रूपये भेजा।

इसी तरह रजिस्ट्रेशन, सर्टिफिकेशन, लाईसेंस, एग्रीमेंट, इशोंरेंस, एनओसी, सिक्योरिटी डिपाजिट, के लिए रूपये एचडीएफसी बैक के एक एकाउंट में मंगाए गए। ये एकाउंट मुम्बई के बताए जा रहे हैं। टोप्पो ने 97 हजार 500, 4 लाख 92 हजार 500, 1 लाख 18 हजार 500 रूपये अलग-अलग किश्त में भेजा।

उन्हें बताया गया कि अक्टूबर महीने में कंपनी से 7 से 10 लोग और स्टेट से 3 लोग उनके घर भिलाई आकर एरिया का निरीक्षण  परीक्षण करेंगे और फिर एनओसी एवं अन्य दस्तावेज देंगे किन्तु 24 सितंबर से ही तीनों लोगो का फोन बंद बताने लगा। अक्टूबर भर इंतजार के बाद भी कोई निरीक्षण टीम भिलाई नहीं पहुंची।  बैंक जाकर नेफ्ट किए कंपनी नेम को सर्च करवाने पर वह भारत पेट्रोलियम नहीं बल्कि किसी अज्ञात विनोद के नाम पर एचडीएफसी का खाता बताया गया। पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट