दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 दिसंबर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के बघेरा स्थित आनंद सरोवर में सर्व ब्रह्माकुमार ब्रह्माकुमारी भाई-बहनों के आध्यात्मिक उन्नति के लिए एक दिवसीय ज्ञान-योग की अनुभूति युक्त व्याख्यान का आयोजन किया गया इस अवसर पर राजयोगिनी करुणा दीदी व शकुन्तला दीदी का इन्दौर से आगमन हुआ।
ब्रह्माकुमारी रीटा बहन संचालिका (ब्रह्माकुमारी दुर्ग) ने अपने स्वागत उद्बोधन में दोनो दीदियों का स्वागत करते हुए कहा कि बड़ों का आना और उनकी उपस्थिति होना हम सभी का परम सौभाग्य है। दुर्ग आगमन के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद भी देते हैं और बधाइयां भी देते हैं और स्वागत भी करते हैं।
वरिष्ठ राजयोगी शिक्षिका ब्रह्माकुमारी रूपाली बहन ने मंच संचालन करते हुए करुणा दीदी का परिचय देते हुए बताया यहां उल्लेखनीय है करुणा दीदी ब्रह्माकुमारीज के क्षेत्रीय कार्यालय ज्ञान शिखर ओम शांति भवन में कन्याओं के भौतिक एवं आध्यात्मिक विकास के लिए दिव्या जीवन कन्या छात्रावास शक्ति निकेतन की संचालिका है आपने निराकार परमपिता परमात्मा शिव के द्वारा प्रदत्त गुण व शक्तियों को स्वयं में समाहित कर उन गुण व शक्तियों के द्वारा अनेक कन्याओं का जीवन श्रेष्ठ बनाया है जो आज आध्यात्मिकता के शीर्ष पर है आपके कुशल मार्गदर्शन में अनेक कन्या देश-विदेश में अनेक आत्माओं को परमात्मा पालन देकर परमात्मा के समीप ला रही है।
इस आयोजन में मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए ब्रह्माकुमारी करुणा दीदी ने बताया कि देह में रहते देह के संबंध से अलग स्थिति के द्वारा ही हम सहज भगवान के समीप जा सकते है, यही आध्यात्मिक ऊर्जा का स्त्रोत है और यह आध्यात्मिक ऊर्जा है प्रेम आनंद खुशी शक्ति जब हम आत्म अभिमानी स्थिति में रहते हैं तो परमात्मा की ऊर्जा को हम खींच पाते हैं, किन्तु जब हम स्वयं को देह समझ कर्म व व्यवहार में आते हैं तो आत्मा और परमात्मा के बीच आने वाली ऊर्जा के बीच में दीवार बन जाती है। जब अहंकार आता है तो सबसे पहले खुशी खत्म हो जाती है।
हर आत्मा खुद ही बंधन बनाती है और खुद ही फंसती हैं जिन बंधन को स्वयं को बचाने का साधन समझते हैं वही हमें डुबाने का साधन बनता है। यही गुलामी व परतंत्रता की स्थिति हो जाती है। सूक्ष्म अहंकार व्यक्तित्व को जटिल बना देता है। इस जटिल स्वभाव के बाद स्वयं को बदलना मुश्किल हो जाता है दोहरा व्यक्तित्व हो जाता है। जटिलता को समाप्त करने के लिए स्वयं को जानना अति आवश्यक है इसके लिए एकान्त में बैठकर कुछ क्षण के लिए चिन्तन करें। हम जो हैं जैसे है उसे समीप से देखें मित्र की तरह स्वयं की कमी कमजोरी और बुराइयों को देखें जब किसी चीज का दर्शन हो जाता है तो विसर्जन सहज हो जाता है। इसके पश्चात् रूपांतरण यह सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है इससे अशुद्धि से शुद्धि की तरफ जाने लगते हैं इससे जटिलता समाप्त हो जाती है मन निर्मल और स्वच्छ बन जाता है।
अभी तक हम मनुष्य को खुश करते आये है अब भगवान आये हैं तो भगवान को खुश करना है तो भगवान क्या चाहता है मेरे सभी बच्चे स्वयं के सत्य स्वरुप को महसूस कर उसमें स्थित हो जायें स्वयं ही स्वयं का सम्राट बनें अर्थात् राजा बन अपनी सूक्ष्म व स्थूल इंद्रियों को नियंत्रित कर यर्थाथ रुप से परमात्मा की आज्ञानुसार चलायें। योग्य संतान वह है जो मात-पिता की आज्ञा को शिरोधार्य कर उनके अनुरुप अपना जीवन बनाता है तो हम परमात्मा की आज्ञा पर चलकर योग्य संतान बनने का पुरुषार्थ करें। इस अवसर पर कुमारी मौसमी व कुमारी जागृति ने अपना मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया।