दुर्ग

अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर
09-Dec-2023 4:30 PM
अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर

हटाए गए अवैध निर्माण व गुमटियां

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुम्हारी, 9 दिसंबर। नगर पालिका द्वारा शुकवार को जिलाधीश दुर्ग के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद कुम्हारी क्षेत्रान्तर्गत वार्ड क्र. 14 में हाउसिंग बोर्ड कालोनी स्थित वाटर ए.टी.एम. के पीछे सार्वजनिक उपयोग हेतु उपलब्ध शासकीय भूमि में अवैध रूप से निर्माणाधीन मकान को कार्यपालिक दण्डाधिकारी, रवि विश्वकर्मा एवं पुलिस बल की उपस्थिति में नगर पालिका के द्वारा कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जा हटाया गया।

विदित हो कि कुछ दिवस पूर्व उक्त स्थल पर अवैध निर्माण किये जाने की सूचना प्राप्त होने पर नगर पालिका के राजस्व शाखा के कर्मचारियों के द्वारा स्थल निरीक्षण कर अवैध रूप से निर्माणाधीन मकान के निर्माण कार्य को बंद करवाते हुए पुन: निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं करने की समझाईश दी गई थी, जिसके बावजूद भी संबंधित कब्जाधारी के द्वारा अवैध निर्माण कार्य जारी रखा गया। जिस पर नगर पालिका के तोडु दस्ता ने दल बल सहित कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ढहा दिया।

उक्त कार्रवाई के साथ-साथ जिला कलेक्टर के द्वारा शहर के विभिन्न स्थलों पर अवैध गुमटी, ठेला, चखना सेन्टर, अवैध होर्डिग्स, विज्ञापन बोर्ड हटाये जाने हेतु दिये गये निर्देशों के अनुसार कार्रवाई करते हुए कुम्हारी क्षेत्रान्तर्गत बड़ा तालाब उद्यान गार्डन के पास, थाना कुम्हारी के पास, हाउसिंग बोर्ड कालोनी में वाटर ए.टी.एम. के पास निर्मित स्थाई अवैध ठेले गुमटी चखना सेन्टर अवैध विज्ञापन बोर्ड को हटाया गया।


अन्य पोस्ट