दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 दिसंबर। जुलाई माह के अंत में रसमड़ा स्थित एक मंदिर के चबूतरे पर मिले अधजले शव की शिनाख्ती के लिए अंजोरा चौकी पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। इश्तहार दिए जाने के बाद महासमुंद निवासी एक व्यक्ति ने स्वयं का पुत्र होने का दावा किया है।
ग्राम दमांतोरी तहसील बागबाहरा महासमुंद निवासी एक बुजुर्ग अजीत मिश्रा ने दावा किया है कि जो अर्धजला शव मिला था वह उसके 31 वर्षीय पुत्र अजय मिश्रा का है। अजीत मिश्रा ने पुलिस को बताया है कि वह और उसका बेटा खरियार रोड से कांटाभाजी ट्रेन में चाय बेचने का काम करते थे। किसी बात को लेकर वह घर से चला गया था। अंजोरा चौकी प्रभारी रामनारायण ध्रुव ने बताया कि इश्तहार देने के बाद अजीत मिश्रा उनसे मिलकर बताया कि वह शव उसके बेटे का है। इस पर डीएनए करवाने के लिए कोर्ट से अनुमति मांगी गई थी और अनुमति मिल गई है। दो-तीन दिन में अजीत मिश्रा का ब्लड लेकर जांच के लिए भेजा जाएगा। इसी से स्पष्ट हो पाएगा कि वह उसका पुत्र है की नहीं।