दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 दिसंबर। जिले के 6 विधानसभा क्षेत्रों इस बार भाजपा व कांग्रेस के वोट पर अन्य दल तथा निर्दलीय सेंध नहीं मार पाए अन्य दलों व निर्दलियों का वोट शेयर वर्ष 2018 के विधान सभा चुनाव की तुलना में इस बार 8.27 प्रतिशत घट गया जिले में इस बार चुनाव मैदान में उतरे 81अन्य राजनीतिक दलो के प्रत्याशियों एवं निर्दलीयों को मात्र 5.13 प्रतिशत मत पड़े जबकि वर्ष 2018 में अन्य राजनीतिक दल के प्रत्याशियों एवं निर्दलियों को कुल 13.40 प्रतिशत वोट मिले थे।
जानकारी के मुताबिक इस बार विधानसभा चुनाव में जिले 6 विधान सभा क्षेत्रों में कुल 957583 मत पड़े थे इनमें कांग्रेस व भाजपा प्रत्याशियों को कुल 908165 वोट मिले जो कुल डाले गए मत का 94.87 प्रतिशत है, जबकि चुनाव मैदान में उतरे अन्य दलों के प्रत्याशियों एवं निर्दलियों को मात्र 49218 मत मिले वहीं वर्ष 2018 में कुल 864058 मत पड़े थे इनमें 748194 मत कांग्रेस तथा भाजपा के हिस्से में गए थे वहीं अन्य दल के प्रत्याशियों एवं निर्दलीय 115864 मत लेने में कामयाब हुए थे।
पिछले विधानसभा में दुर्ग शहर में बटोरे थे सर्वाधिक 21 फीसदी वोट
जिले पिछले विधानसभा में निर्दलियों एवं अन्य दलों के प्रत्याशियों दुर्ग शहर में सर्वाधिक 21.78 प्रतिशत वोट बटोर कर भाजपा व कांग्रेस के वोट बैंक में जबरदस्त सेंध लगाए थे, मगर इस बार उन्हें सबसे कम 3.99 प्रतिशत मत ही मिले जबकि सर्वाधिक निर्दलीय प्रत्याशी इसी विधान सभा में थे।
इसी प्रकार पिछली बार निर्दलियों एवं अन्य दलों के प्रत्याशियों को दुर्ग ग्रामीण विधान सभा में 15.57 प्रतिशत मिले थे इस बार महज 4.98 प्रतिशत मत मिले वहीं अहिवारा में मात्र 4.96 मत बटोर सके पिछली बार यहां वे 9.66 प्रतिशत मत लेने में कामयाब हुए थे। पाटन विधान सभा क्षेत्र में इस बार निर्दलीय व अन्य दलों ने सर्वाधिक 6.91 प्रतिशत हासिल किए जबकि पिछली बार 13.18 प्रतिशत मत मिले थे पिछली बार सबसे कम भिलाई नगर में 6.10 प्रतिशत मत जुटाए थे। इस बार यहां उन्हें 4.18 प्रतिशत मत मिले इसी प्रकार वैशाली नगर में निर्दलियो एवं अन्य दलो के प्रत्याशियों ने 5.33 प्रतिशत मत मिले पिछली बार उन्हें यहां 12.89 प्रतिशत मिले थे।