दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 8 दिसंबर। सुपेला के गदा चौक पर खुलेआम शराब की महफि़ल जमाए 11 लोगों को पुलिस ने धरदबोचा है। सभी आरोपियों के खिलाफ सुपेला थाना में छत्तीसगढ़ आबकारी (संशोधन) अधिनियम 2002 की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई है।
सुपेला थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि कल शाम से देर रात तक थाना क्षेत्र अंतर्गत अलग अलग टीमें टाउन गश्त में थीं, इस दौरान सार्वजनिक स्थलों पर मजलिस जमाए खुलेआम शराब सेवन कर रहे लोगों को पकड़ा गया है। आरोपियों में लल्ला राम साहू (47 वर्ष), मोहम्मद अली (29 वर्ष), जयसिंह गुप्ता (59 वर्ष), गावेश्वर सिंह (35 वर्ष), सविंद्र प्रसाद (35 वर्ष), कुंदन लाल साहू (48 वर्ष), अरूण कुमार साहू (45 वर्ष), रूपक तिवारी (36 वर्ष), विक्रम कुमार (40 वर्ष), संतोष कुमार (57 वर्ष), वैद्यनाथ कुमार (31 वर्ष) को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
टीआई शर्मा ने कहा कि शाम के बाद पुलिस टीम गश्त कर चौक चौराहों और शहर के मैदानों में खुलेआम शराब सेवन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।