दुर्ग

बिना कॉलोनाइजर लायसेंस जमीन दलाली कर रहे लोगों पर कसें नकेल-रिकेश सेन
08-Dec-2023 3:57 PM
बिना कॉलोनाइजर लायसेंस जमीन दलाली कर रहे लोगों पर कसें नकेल-रिकेश सेन

 दुर्ग सर्किट हाउस में आबकारी और रेवेन्यू अफसरों की ली बैठक

भिलाई नगर, 8 दिसंबर। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने आज दुर्ग सर्किट हाउस में आबकारी और रेवेन्यू अधिकारियों की बैठक ली।

उन्होंने कहा कि अवैध कारोबार और कब्जे को लेकर स्वतंत्र रूप से अधिकारी क्षेत्र में कार्रवाई करें। वैशाली नगर विधानसभा में जमीन दलालों का जो अब तक प्रभाव था वो तत्काल खत्म किया जाए। जो जमीन दलाल बिना कालोनाइजर लायसेंस लिए जमीन खरीदी बिक्री में इन्वाल्व रहे हैं वो अब एक इंच जमीन की भी दलाली नहीं कर सकेंगे। रेवेन्यू का नुक़सान कर जो भी कारोबार पूर्व शासनकाल में दबाववश होते रहे हैं उन सब पर तत्काल रोक लगाएं।

आबकारी विभाग के अधिकारियों से विधायक रिकेश सेन ने कहा कि शराब अवैध रूप से कोचियों तक कैसे पहुंच रही थी, इसकी जांच करें और क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों तक शराब न पहुंचे, ऐसा सुनिश्चित करें।

विधायक ने शहर के सभी बार लायसेंस की सूची लेने के बाद आबकारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वो सभी बार की समय समय पर जांच कर सुनिश्चित करें कि लायसेंस नियमावली के अनुसार ही बार संचालित हो रहे हैं या नहीं। लायसेंस नियमों का उल्लंघन करने वालों के बार तत्काल बंद होंगे।


अन्य पोस्ट