दुर्ग

रेटिंग के बदले दो सौ रुपए का रिवार्ड देकर युवती से ठगी
08-Dec-2023 3:55 PM
रेटिंग के बदले दो सौ रुपए का रिवार्ड देकर युवती से ठगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 8 दिसंबर। विवो कंपनी की कर्मचारी को ऑनलाईन रेटिंग के बदले में 210 रूपये का रिवार्ड मिला और फिर लालच का जाल फेंक युवती को लिंक भेज और रुपए जीतने का अवसर दिया गया। अधिक रिवार्ड देकर रूपये कमाने के झांसे में फंसी युवती से पहले 7 हजार फिर 15 हजार और उसके बाद 38 हजार 800 रूपये झटक लिए गए। इसके बाद जब नियमों का हवाला देकर और रूपये मांगे गए, तब पीडि़ता को आनलाईन ठगी का अहसास हुआ और उसने घटना के एक महीने बाद भिलाई नगर थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

भिलाई नगर थाना एएसआई करण सोनकर ने जानकारी दी कि सेक्टर 10 भिलाई की एक युवती विवो कंपनी मे प्राईवेट जाब करती हंै। आठ नवंबर की दोपहर करीब 1 बजे उसके मोबाईल पर अज्ञात मोबाईल नं.  से होटल से जुड़े एक रेटिंग देने हेतु एक व्हाट्स अप पर लिंक मैसेज आया। जिस पर उसने क्लिक किया और रेटिंग देने पर कंपनी द्वारा उसे 210 रुपये का रिवार्ड मिला। 9 नवंबर को फिर रेटिंग करने का मैसेज टेलिग्राम एप पर आया तथा रेटिंग करने पश्चात कुछ और रूपये उसके यूपीआई खाते में आए, साथ ही कहा गया कि ज्यादा रिवार्ड के लिये कंपनी को 7 हजार रुपये फोन-पे यूपीआई के द्वारा देने पड़ेंगे।

युवती ने अपने फोन पे ऐप से 7 हजार रूपये मुबासिर.इम्तियाज-1 पर भेजने के बाद 15 हजार रूपये दूसरी लिंक एवं 38 हजार 800 रुपये अजाउभाई99 यूपीआई आईडी पर जमा कराए गए। जब बडा़ रिवार्ड नहीं आया और बदले में युवती से और रूपयों की मांग की गयी तो वह सख्त हुई।

उसे मैसेज के माध्यम से कहा गया कि आप और पैसे नहीं भेजेंगे तो आपको रेटिंग के रिवार्ड रूपये नहीं मिलेंगे और आपके ये रूपये भी कंपनी में जब्त हो जायेंगे। सायबर फ्राड की शिकार युवती ने भिलाई नगर थाना पहुंच रिपोर्ट दर्ज करवाई है फिलहाल पुलिस धारा 420 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना कर रही है।


अन्य पोस्ट