दुर्ग

महादेव ऐप के आरोपी असीम दास के पिता ने की आत्महत्या
06-Dec-2023 3:38 PM
महादेव ऐप के आरोपी असीम दास के पिता  ने की आत्महत्या

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 6 दिसंबर। महादेव बुक सट्टा एप के हवाला के रुपयों के साथ पकड़े गए हाउसिंग बोर्ड भिलाई निवासी असीम दास उर्फ बप्पा के पिता सुशील दास (65) ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना का कारण स्पष्ट नहीं है, परंतु बताया जा रहा है कि बेटे की गिरफ्तारी के बाद से वह थोड़ा परेशान रहने लगा था। अंडा पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उल्लेखनीय है कि हाउसिंग बोर्ड वार्ड 16 निवासी असीम दास को बीते दो नवंबर को ईडी ने रायपुर के एक होटल के बेसमेंट से करोड़ों रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया था। उसकी गिरफ्तारी के बाद ईडी की टीम ने उसके हाउसिंग बोर्ड स्थित घर पर भी दबिश दी थी और वहां से भी करोड़ों रुपये जब्त किए थे।

असीम दास का पिता सुशील दास करीब पांच साल से अंडा थाना क्षेत्र के ग्राम अछोटी में रूपेश गौतम की बाड़ी में चौकीदारी का काम करता था। वह बाड़ी में बने कमरे में ही रहता था। सोमवार की रात को करीब 11.30 बजे घर से निकला था और बाड़ी में स्थित कुएं में कूद गया। मंगलवार को वह कमरे में नहीं मिला तो उसकी तलाश शुरू की गई। कुएं में झांककर देखा गया तो उसकी लाश तैरती नजर आई। इसके बाद अंडा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया। मृतक सुशील दास के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं।

थाना प्रभारी अंडा आनंद शुक्ला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में इतना पता चला है कि वह शराब पीने का आदी था और अपने बेटे असीम दास उर्फ बप्पा की गिरफ्तारी के बाद से परेशान रहने लगा था।

पुलिस मामले की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट