दुर्ग

विवाहिता को 11 अलग-अलग नंबरों से फोन कर परेशान कर रहा है सिरफिरा
06-Dec-2023 3:20 PM
विवाहिता को 11 अलग-अलग नंबरों से फोन कर परेशान   कर रहा है सिरफिरा

पति को बताता है प्रेम कहानी, जान से मारने की धमकी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 6 दिसंबर। ग्यारह अलग-अलग नंबर से फोन लगा महिला से प्रेम संबंध होने की झूठी कहानी गढ़ उसके पति को गुमराह करने और जान से मारने की धमकी देने वाले एक सिरफिरे आशिक के खिलाफ वैशाली नगर पुलिस ने धारा 507 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

पीडि़त महिला ने पुलिस को बताया कि उसके मायके गंडई के पास रहने वाले आरोपी ने पिछले 2 महीने से उसकी शादी और घर तोडऩे का न सिर्फ प्रयास किया बल्कि वह अलग-अलग नंबर से फोन कर उसके पति को जान से मारने की धमकी भी देने लगा है।  वैशाली नगर थाना के एएसआई सुरेश पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कराने वाली पीडि़त महिला के पति को गंडई का हरीश यादव पिछले कुछ महीने से फोन कर जान से मारने की धमकी दे रहा है। महिला का इसी साल फरवरी महीने में विवाह हुआ और तब से वह अर्जुन नगर केम्प-1 भिलाई स्थित घर में पति के साथ रहती है। उसके मायके ग्राम गंडई वार्ड-3 पठान पारा जिला खैरागढ़  का निवासी हरीश यादव शादी के कुछ महीने बाद से पति पवन के मोबाइल पर अलग अलग नंबर से फोन करके महिला के बारे में गलत और झूठी बातें बताता है। उसके द्वारा महिला का स्वयं के साथ प्रेम सम्बन्ध होने की झूठी कहानी बता उसके पति को लगातार भडक़ाया गया।  महिला ने यह भी जानकारी दी कि हरीश शादी के पहले भी उसे परेशान करता था जिसकी शिकायत उसने अपने पैरेंट्स से की थी।   माता पिता ने हरीश यादव के पैरेंट्स को जाकर समझाया भी था, लेकिन शादी के कुछ महीने बाद से उसने फिर से परेशान करना शुरू कर दिया। हरीश की लगातार ऐसी हरकतों से महिला का वैवाहिक जीवन तनाव में चल रहा है। अक्टूबर से लेकर 25 नवंबर तक हरीश ने अलग अलग 11 नंबरों से फोन कर महिला के पति पवन से गाली गलौच कर उसे जान से मारने की धमकी दी है। महिला ने उन सभी नंबरों की काल डिटेल भी पुलिस को दी है।  वैशाली नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट