दुर्ग

रावलमल जैन हत्याकांड बेटे को हाईकोर्ट से राहत
04-Dec-2023 4:49 PM
रावलमल जैन हत्याकांड  बेटे को हाईकोर्ट से राहत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 4 दिसंबर। शहर के बहु चर्चित रावलमल जैन दंपति हत्याकांड में फांसी की सजा पाए हत्यारे बेटे को हाईकोर्ट से राहत मिल गई है।

बिलासपुर हाईकोर्ट ने दुर्ग कोर्ट से अभियुक्त संदीप जैन को मिली फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया है। साथ ही इस मामले में पांच-पांच साल की सजा पाने वाले दो अन्य आरोपियों को दोष मुक्त कर दिया गया है।

दुर्ग के कारोबारी रावलमल जैन मणी व उनकी पत्नी सुरजा बाई की 1 जनवरी 2018 को हत्या कर दी गई थी। हत्या करने वाला कोई और नहीं बल्कि उनका बेटा संदीप जैन निकला। संदीप ने पिता की हत्या करने के लिए एक देसी पिस्टल और कारतूस खरीदा था। देसी पिस्टल और कारतूस कालीबाड़ी दुर्ग निवासी भगत सिंह गुरुदत्ता (47) और गुरुनानक नगर दुर्ग निवासी शैलेंद्र सागर (47) ने बेचा था। इस हाई प्रोफाइल और सबसे चर्चित हत्याकांड मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद चार्जशीट दाखिल किया था।

 दुर्ग कोर्ट ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी संदीप जैन को फांसी की सजा सुनाई थी। वहीं सह आरोपी शैलेंद्र और गुरु दत्ता को 5-5 साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी। अधिवक्ता तारेंद्र जैन ने बताया कि दुर्ग कोर्ट से फांसी की सजा मिलने के बाद संदीप जैन की ओर से  हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। इस याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने एक दिसंबर 2023 को मुख्य अभियुक्त संदीप जैन की फांसी की सजा को आजीवन कारावास में बदल दिया है, वहीं सह अभियुक्त शैलेंद्र और गुरु दत्ता को दोष मुक्त करार दिया है।


अन्य पोस्ट