दुर्ग

कबाड़ से जुगाड़ मेले का आयोजन
03-Dec-2023 2:21 PM
कबाड़ से जुगाड़ मेले का आयोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उतई, 3 दिसंबर। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय गणित, विज्ञान एवं टेक्नोलॉजी से संबंधित नवाचारी सहायक सामग्री के प्रदर्शन के लिए कबाड़ से जुगाड़ मेले का आयोजन स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल दीपक नगर दुर्ग में हुआ। 

टीचिंग लर्निंग मटेरियल यानी टीएलएम मेले में शिक्षकों द्वारा विभिन्न प्रकार के नवाचारी तथा फाऊंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमरेशी से जुड़े विभिन्न कौशलों को सीखने के लिए उपयोगी मटेरियल बना कर प्रस्तुत किया गया। शिक्षकों द्वारा भाषा सीखने से संबंधित सहायक शिक्षण सामग्री, गणित समझने खिलौना, कठपुतली एवं मुखोटे का बखूबी ढंग से उपयोग देखा गया। पाकेट बोर्ड, चित्र कहानी, बिग बुक, प्रिंटेड वातावरण, डिजाइन हेतु नमूने डिजिटल शिक्षण सामग्री आदि नवाचारी बहु उपयोगी शिक्षण सामग्रियों का प्रदर्शन किया गया।

जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल के मार्गदर्शन में आयोजित मेले का शुभारंभ स प्राचार्य शेफाली सोनी एवं विवेक शर्मा एपीसी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के समाप्ति के अवसर पर जिला मिशन समन्वयक सुरेंद्र पांडे ने बच्चों को विभिन्न अनुभवों के आधार पर अपनी बात रखते हुए उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने को प्रोत्साहित किया।

कबाड़ से जुगाड़ प्रतियोगिता में प्रथम शासकीय नवीन प्राथमिक शाला केसरा विकास खंड पाटन प्रथम स्थान पर रहा। नवाचारी शिक्षक अनकेश्वर प्रसाद महिपाल द्वारा बनाया गया टीएलएम खेल खेल में गणित की अवधारणा को आसानी से समझाने के लिए साड़ी के डिब्बे से बनाया गया है। इसका प्रस्तुतिकरण कक्षा पांचवीं की छात्रा देविका निषाद ने किया।

इस उपलब्धि पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी  टी आर जगदल्ले, विकास खंड स्त्रोत समन्वयक खिलावन चौपडिय़ा, संकुल समन्वयक केसरा कुशल किशोर निर्मलकर, विद्यालय के शिक्षक नारायण प्रसाद साहू, हेमंत कुमार सेन, चेतन लाल साहू, पवन कुमार निर्मलकर अध्यक्ष शाला विकास समिति, कुलेश्वर ठाकुर, नरेश सिन्हा, महावीर सिन्हा, आदि ने हर्ष व्यक्त किया है।


अन्य पोस्ट