दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 नवंबर। एक युवक ने अपने घर में ही मंगलवार की देर शाम फांसी लगाकर जान दे दी। मौके पर पहुंची मोहन नगर थाना पुलिस ने शव को नीचे उतारा। इस दौरान युवक के हाथ पीछे रस्सी से बंधे हुए थे।
पुलिस मामले को हत्या या आत्महत्या मानते हुए जांच कर रही है। मोहन नगर थाना प्रभारी विजय यादव ने बताया कि कातुलबोर्ड सडक़ नंबर 1, नरसिह विहार कॉलोनी निवासी प्रतीक साहू ने अपने निवास में सुसाइड कर लिया। वह विद्युत विभाग रायपुर में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। उसकी संदेहास्पद मौत मानकर पुलिस जांच कर रही है। फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच को दिशा दे रही है।
पुलिस ने शव को परिवार वालों को सौंप दिया है और परिवार वालों, परिचितों एवं अन्य लोगों से पूछताछ कर विवेचना कर रही है। पुलिस के मुताबिक प्रतीक साहू के माता-पिता भी शासकीय कर्मी है। सोमवार की सुबह वे दोनों भी अपनी ड्यूटी पर चले गए थे। प्रतीक भी सुबह लगभग 9 बजे ड्यूटी करने रायपुर जाने के लिए घर से निकला था। इसके बाद उसने अपने पिता को फोन कर बताया कि चरोदा के पास उसकी गाड़ी खराब हो गई है और वह वापस घर जा रहा है। शाम को जब प्रतीक के माता-पिता घर लौटे तब प्रतीक घर के ऊपर अपने कमरे में था। इस पर माता-पिता ने सोचा कि वह आराम कर रहा होगा इसलिए उसे डिस्टर्ब नहीं किया। जब देर शाम तक वह बाहर नहीं निकला तब दरवाजा खटखटाया। जब कोई जवाब नहीं आया तब प्रतीक के पिता ने अपने भतीजे को बुलाया। उसने एक सीढ़ी पर चढक़र जब ऊपर बने रोशनदान से देखा तो प्रतीक फंदे पर झूलता हुआ दिखा। इस पर घर वालों ने दरवाजा तोडक़र उसे नीचे उतरा और पलंग पर लिटा दिया। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी। मोहन नगर पुलिस हर पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच को दिशा दे रही है।