दुर्ग

सर्विस रोड पर निगम का वृहद बेदखली अभियान
29-Nov-2023 9:14 PM
सर्विस रोड पर निगम का वृहद बेदखली अभियान

जमीन समतल कर पार्किंग किया दुरूस्त, 35 अतिक्रमणकारियों को खदेड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
भिलाई नगर, 29 नवंबर।
राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे सर्विस रोड पर आज सुबह साढ़े 10 बजे से निगम ने वृहद बेदखली अभियान चलाकर दक्षिण गंगोत्री एवं उत्तर गंगोत्री क्षेत्र के 35 स्थानों से कब्जा हटाने की कार्यवाही की है। जिन लोगों ने बांस बल्ली, ठेला गोमचा, बेनर पोस्टर, बोर्ड तथा विक्रय के लिए वाहन को रखा था उनसे दंड भी वसूला गया है। सडक़ पर डंप रेत, गिट्टी व अन्य निर्माण सामग्री को हटाकर सडक़ को आवागमन के लिए खाली कराया गया। अमले ने अभियान के  दौरान 20 हजार 800 जुर्माना भी लिया। साथ ही 3 कंडम वाहन को भी सडक़ से हटाया गया।

ज्ञात हो कि आयुक्त रोहित व्यास के निर्देश पर निगम भिलाई का अमला आज 10:30 बजे दक्षिण गंगोत्री के सर्विस रोड पर कार्यवाही करने उतरे तो ऑटो डीलर अपने विक्रय के सेकेण्ड हैंड वाहनों को जीई रोड और सर्विस रोड के बीच पार्किंग स्थल पर प्रदर्शन हेतु लगाए हुए थे। उन्होंने निगम की कार्यवाही को देखकर स्वयं अपने वाहनों को हटाना शुरू कर दिया। 

सर्विस रोड के किनारे लगाए गए होर्डिंग्स व साइन बोर्ड को भी उखाडक़र जब्ती बनाया गया। कई स्थानों पर ठेले खोमचे पर चाय, नाश्ता बेचने वालों के कारण सडक़ में बाधा आ रही थी, उसे बांस बल्ली से अस्थायी कब्जे तथा लोहे से बने गुमटी को जेसीबी से लिफ्ट कर जब्त किया गया।

 तोडफ़ोड़ दस्ता के साथ चल रहे जेसीबी ने सुपेला चौक से लेकर प्रयास स्कूल के सामने तक सर्विस रोड के किनारे जमीन को समतल कर चूना मार्किंग किया। कार्यवाही के दौरान 7 स्थानों से अवैध कब्जा, 16 स्थानों से वाहन विक्रेता को हटाया गया, वहीं स्ट्रीट वेंडर्स के रूप में 15 फूल विक्रेता जो सडक़ पर सामान फैलाकर व्यवसाय कर रहे थे, उन्हें आबंटन के अतिरिक्त किए गए घेरे को गुरुवार को स्वयं से हटा लेने को कहा गया है। 

बेदखली अभियान का नेतृत्व अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी, अभियान के नोडल अधिकारी प्रीति सिंह, जोन आयुक्त खिरोद्र भोई, ट्राफिक उप अधीक्षक पीडी चंद्रा कर रहे थे। उन्होंने वाहन विक्रेताओं से कहा कि चिन्हित पार्किंग स्थल पर विक्रय के वाहन प्रदर्शन के लिए न रखें। 

अभियान में नामांकित अधिकारियों के साथ यातराम चंद्राकर, राजेश गुप्ता, दिनेश बेलचंदन, इमान सिंह, गौकरण, खेमलाल यादव, चैतु, मानसिंह, यातायात पुलिस बल साथ रहे।


अन्य पोस्ट