दुर्ग

110 रुपए के लिए दो पक्षों में मारपीट
29-Nov-2023 3:34 PM
110 रुपए के लिए दो पक्षों में मारपीट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 29 नवंबर। ढाबा में खाना खाने के बाद 110 रुपए के लिए दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों ही पक्ष की शिकायत पर पुलगांव पुलिस ने धारा 294, 323, 506,34 के तहत काउंटर केस दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

शिवपारा पुलगांव निवासी चेतन खन्ना ढाबा का संचालन करता है। 26 नवंबर को रात लगभग 10.15 बजे योगेंद्र साहू व अन्य एक व्यक्ति शराब पीकर ढाबा में पहुंचे और खाना खाने के बाद बिल पटाने के समय आधी रकम ही अदा की। जब प्रार्थी चेतन खन्ना ने रकम मांगा तो योगेंद्र एवं उसके साथी ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की। जिससे चेतन खन्ना को चोटे आई।

इसी तरह अंजोरा निवासी योगेंद्र साहू ने शिकायत दर्ज कराई कि वह टेढ़ेसरा स्थिति कंपनी में मजदूरी का काम करता है। वह अपने दोस्त शुभम साहू के साथ खन्ना ढाबा अंजोरा में खाना खाने गया हुआ था। खाने के बाद बिल पटाने के समय उसने बिल का आधा रकम पटा दिया था। 110 रुपए बचे थे जिसे वह ऑनलाइन फोन पे के माध्यम से पटाने की कोशिश कर रहा था परंतु नेटवर्क नहीं होने के कारण रकम जा नहीं पा रही थी। इस पर ढाबे का संचालक चेतन खन्ना ने तुम लोग बिल नहीं पटा सकते हो कहकर गाली गलोज करना प्रारंभ किया। जब योगेंद्र ने गाली देने से मना किया तो ढाबे का मालिक, भाई एवं अन्य व्यक्ति ने योगेंद्र एवं उसके साथी के साथ मारपीट की।


अन्य पोस्ट