दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 28 नवंबर। भिलाई में हिंदू धर्म विरोधी कही जा रही किताबों के स्टॉल पर विवाद शुरू हो गया है। दरअसल, स्टॉल में ‘प्रदूषित रामायण’ नामक बुक भी बेची जा रही है, जिसके विरोध में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने सुपेला थाने का घेराव किया और मामला दर्ज करने की मांग की, हालांकि सुपेला पुलिस ने ‘प्रदूषित रामायण’ नाम से पुस्तक लिखने वाले लेखक श्रीकांत शेट्ये और प्रकाशक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
ज्ञात हो कि 26 नवंबर से कोसा नगर के समीप संविधान दिवस के तीन दिवसीय संविधान मेले में लगे बांधव प्रकाशन के स्टॉल में ‘प्रदूषित रामायण’ के साथ ही कई किताबें रखी गई थीं, जिन्हें हिंदू विरोधी कहा जा रहा था । इनमें हिंदुइज्म धर्म या कलंक, भगवत गीता की बुद्धिवादी समीक्षा, आदिवासी हिंदू नहीं हैं, धर्म के नाम पर, पेरियार की विवादास्पद किताब सच्ची रामायण की चाबी और हिंदुत्व मुक्त भारत की ओर जैसी दर्जनों किताबें थीं।
बड़ी मात्रा में ऐसी पुस्तकों के संविधान मेला स्टॉल में बेचे जाने की खबर मिलते ही बजरंग दल सहित अन्य हिन्दूवादी संगठन के लोगों ने आपत्ति जताते हुए सुपेला थाना घेर कर तत्काल ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पुलिस को चेतावनी दी कि अगर इस तरह का कृत्य दोबारा हुआ तो वो किसी भी हालत में ऐसे लोगों को बख्शेंगे नहीं।
दुर्ग बजरंग दल के विभाग संयोजक रवि निगम ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि कोसा नाला के पास रेलवे की जमीन पर संविधान मेला लगा है। उस मेले में खुलेआम स्टॉल लगा कर हिंदू धर्म विरोधी आपत्तिजनक किताबें बेची जा रही हैं। ऐसा करके आयोजक हिंदू धार्मिक उन्माद को भडक़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में बजरंग दल कार्यकर्ता आयोजन स्थल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की। जब पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया तो बजरंगियों ने सुपेला थाने का घेराव कर दिया।
टीआई दुर्गेश शर्मा ने एक टीम को मौके पर जांच के लिए भेजा। वहीं, आयोजन समिति ने कहा कि किताब बेचने वाला बाहर से आया था, उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी।