दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 नवंबर। जिले के विभिन्न उपार्जन केंद्रों में लगभग 7 लाख क्विंटल धान उपार्जन खुले आसमान के नीचे पड़ा हुआ। बारिश की संभावना को देखते हुए धान के बोरों के स्टेग को तालपत्री से ढंककर रखने सभी समिति प्रबंधकों को निर्देश दिए गए है, वहीं बारिश होने पर किसानों के कोठार व खेत में पड़े धान को भी नुकसान की संभावना जिसे लेकर किसान भी चिंतित है।
गौरतलब है कि जिले में 1 नवम्बर से उपर्जन केन्द्रों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जारी है। जिले के 102 उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से 7लाख क्विंटल से अधिक धान खरीदे जा चुके हैं। इनमें वर्तमान में लगभग सात लाख क्विंटल धान उपार्जन केन्दों में पड़े हैं, पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदलते देख इन्हें सुरक्षित रखने समुचित व्यवस्था करने कहा गया है। सुबह से आसमान र्में घने काले बादल छाए हुए है। इसके मद्देनजर समितियों में रखे धान को तालपत्री से ढंका गया।
वहीं दूसरी ओर किसानों के कोठार में भी खुले आसमान के नीचे करोड़ों का धान रखा है इसके अलावा खेतों में पड़े धान के करपा के साथ ही खड़ी फसल को भी बारिश से नुकसान की संभावना ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कृषक संपत लाल का कहना है कि बारिश होने पर हार्वेस्टर से खड़ी फसल की कटाई करना मुश्किल हो जाएगा इससे मजदूरों की समस्या से परेशान किसानो की दिक्कते और बढ़ जाएगी।
मौसम का मिजाज बदलते ही गिरने लगे टमाटर के दाम
मौसम का मिजाज बदलते ही टमाटर के दाम भी गिरने लगे है तीन दिन पहले किसानों के खेतों से व्यापारी 32 रूपए प्रति किलो की हिसाब से टमाटर खरीद रहे थे, जो आज गिरकर 24 रूपए प्रति किलो की दर पर आ गया है। टमाटर उत्पादक किसानों का कहना है बारिश होने पर टमाटर के पौधों के लिए लगाए गए स्टेकिंग गिर जाने से नुकसान बढ़ेगा वहीं पौधों में ब्लाइट के प्रकोप बढऩे लगेंगे वहीं अन्य सब्जियों की फसल को भी इससे नुकसान होगा।