दुर्ग
सवा करोड़ नगद और जेवरात जब्त, 3 लोगों की सरगर्मी से तलाश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 6 जुलाई। जून महीने में 9 दिन पहले दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में फर्जी ईडी के अधिकारी पहुंचे और दुर्ग शहर के धान व्यापारी विनीत गुप्ता को नकली आई कार्ड दिखाकर दो करोड़ नगद जांच के नाम पर ठग लिए और फरार हो गए। धान व्यापारी ने इसकी शिकायत मोहन नगर थाना में की थी, जिसके बाद पुलिस द्वारा अलग-अलग टीम बनाई गई और उन्हें मुंबई रवाना किया गया। दुर्ग पुलिस को घटना के तीन दिन के अंदर ही इस गिरोह के 3 लोगों को पकडऩे में सफलता मिली थी और पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर प्लान बना कर दुर्ग पुलिस की टीम ने 6 अन्य आरोपियों को भी मुम्बई में धरदबोचा। इस मामले के सभी मास्टर माइंड गिरफ्तार कर लिए गए हैं लेकिन 3 आरोपी अब भी फरार हैं।
ज्ञात हो कि ये फर्जी ईडी के अधिकारी मुंबई से किसी एजेंट के जरिये दुर्ग आए हुए थे। एजेंट इन्हें छत्तीसगढ़ के बड़े व्यापारियों के बारे में जानकारी देता था। आरोपियों ने एजेंट को यह बताया था कि यदि वो बड़े व्यापारियों को प्लान में पैसे इन्वेस्ट करने के लिए मना लेता है तो उसे भी बड़ा मुनाफा मिलेगा। एजेंट को इस बात का कोई अंदाजा नहीं था कि ये आरोपी इस प्रकार की घटना को अंजाम देंगे। एजेंट ने दुर्ग के कुछ व्यापारियों को प्लान में पैसे लगाने के लिए मना लिया, जिसके बाद सभी व्यापारी रूपये इक_े कर दुर्ग के धान व्यापारी विनीत गुप्ता के ऑफिस में आये थे।
27 जून को अचानक विनीत गुप्ता के ऑफिस के सामने काले रंग की स्कॉर्पियों आकर रूकी, जिससे 5 लोग उतरे और सीधे व्यापारी विनीत गुप्ता के ऑफिस में घुस जाते हैं। उन्हें ईडी का फर्जी आईडी कार्ड दिखाकर आरोपियों ने बैग में रखे दो करोड़ रुपए उठाये और विनीत को साथ में चलने कहा। गाड़ी में बैठने के बाद ये लोग महाराष्ट्र की ओर जाने लगे और राजनांदगाव के पास व्यापारी विनीत गुप्ता को बीच सडक़ में उतार कर रफूचक्कर हो गए थे।
व्यापारी विनीत गुप्ता ने इसकी शिकायत मोहन नगर थाना में की जिसके बाद दुर्ग पुलिस द्वारा जांच पड़ताल करने पर यह बात सामने आई कि ये लोग फर्जी ईडी के अधिकारी हैं और पहले भी इस प्रकार की घटना को अंजाम दे चुके हैं। सीसीटीवी फुटेज और आसपास पूछताछ करने पर पता चला कि ये लोग महाराष्ट्र की ओर गए हुए हैं। दुर्ग पुलिस द्वारा अलग-अलग टीम बनाकर मुंबई के लिए रवाना किया गया। जहां कड़ी जांच-पड़ताल और सप्ताह भर चली कार्यवाही के बाद आखिर इस गिरोह के कुल 9 आरोपियों को दुर्ग पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है।
दुर्ग एसपी शलभ सिन्हा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मोहन नगर थाना अंतर्गत 27 जून को सूचना मिली थी कि कुछ लोग ईडी के अधिकारी बनकर आए हैं और एक व्यापारी के यहां से दो करोड़ रुपए लेते हुए व्यापारी को साथ लेकर गए हैं। सूचना पर पुलिस को डाउट हुआ तो पतासाजी चालू कर जांच की गई। पता चला कि व्यापारी को राजनांदगांव में छोड़ दिया गया है उनसे संपर्क करने पर कहानी पता चली कि उनके साथ ठगी की गई है।
इस पूरे गैंग के संबंध में पतासाजी करने बीस लोगों की टीम गठित की गयी जिसको एएसपी संजय ध्रुव, सीएसपी वैभव बैंकर, डीएसपी राजीव शर्मा, डीएसपी प्रभात कुमार लीड कर रहे थे। जांच में सामने आया कि गिरीश बालोचा नामक शख्स पहले ही व्यापारी से बिजनेस डील के बहाने मिल चुका था और दो-तीन बार मिलने के बाद उसने बाकि साथियों को ईडी का अधिकारी बनाकर यहां बुलाया। उसके संबंध में पतासाजी की गई और गोरेगांव पुलिस मुंबई से संपर्क किया गया तो उन्होंने इसकी लोकेशन और उसके घर के बारे में हमको बताया। हमारी टीम वहां पहुंची, मुंबई में अलग-अलग जगह पर दबिश दी गई। हम लोगों ने तीन आरोपियों को दो-तीन दिन के अंदर हिरासत में ले लिया था और उनसे लगभग 1 करोड़ 26 लाख रुपए की रकम भी रिकवरी की गई है, और वो लोग जो गाडिय़ां लेकर आए थे और जो फर्जी नंबर प्लेट, ईडी के आई कार्ड ये सब हम लोगों ने रिकवर किया है। इसमें अभी तक 9 लोगों की गिरफ्तारी हुई है, जिसमें से 8 लोग फिजिकली यहां आए थे और एक महिला है जो कि इस पूरी साजिश में शामिल थी। जो व्यापारी है उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इन्वेस्टमेंट का सोचा था तथा इन लोगों ने मिलकर इतनी बड़ी रकम अरेंज की थी। आरोपी ईडी का अधिकारी बनकर आए थे, फर्जी ईडी का आई कार्ड भी इनके पास था और पहले भी इन लोगों ने इस तरह की घटना की जिसमें सीबीआई और आईटी के अधिकारी बनकर दूसरे लोगों को निशाना बनाया था।
एसपी ने लोगों से अपील की है कि ईडी हो या कोई भी केंद्रीय जांच एजेंसी हो, उनकी एक प्रक्रिया है जिस प्रक्रिया के तहत वो कार्यवाही करते हैं, कभी भी आपको लगता है या ऐसी कोई सूचना मिलती है तो यह ध्यान रखें कि ईडी कार्यवाही जो है वह बिल्कुल जेन्यून होती है, जब्ती सबकुछ नोटिस दे कर और लिखा पढ़ी करके होती है। इस तरीके से हड़बड़ी में कोई पैसे लेकर नहीं जाते। तो लोग सतर्क रहें और संयम बनाकर रखें क्योंकि घबराहट का ही फायदा ऐसे अपराधी उठाते हैं। दुर्ग में 27 तारीख को 12 बजे के आसपास यह घटना हुई और लगभग ढाई-तीन बजे सूचना मिली तभी तत्काल पुलिस टीम कार्यवाही में लग गई थी और मंगलवार रात तक टीम वापस आई। मुंबई में ही टीम ने लगभग ढाई हजार किलोमीटर का सफर तय किया, जिसमें अलग-अलग जगह पर छापामार कार्रवाई की गई और पैसा रिकवर किया गया। आरोपियों तक पहुंचने मुम्बई पुलिस से काफी अच्छा सहयोग मिला। दस अलग-अलग थानों में टीम को दबिश देनी थी और हर जगह थानों से दुर्ग पुलिस को अच्छा सपोर्ट मिला और रिकवरी में भी मुम्बई पुलिस ने काफी अच्छा सहयोग किया।
