कारोबार

नाचा की विजय डड़सेना को भावभीनी श्रद्धांजलि, बहुमुखी प्रतिभा के धनी, सरल, साधारण स्वभाव-गणेश कर
05-Mar-2021 2:21 PM
नाचा की विजय डड़सेना को भावभीनी श्रद्धांजलि, बहुमुखी प्रतिभा के धनी, सरल, साधारण स्वभाव-गणेश कर

रायपुर, 5 मार्च। नार्थ अमरीका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष गणेश कर ने नाचा सदस्य विजय डड़सेना को समस्त नाचा परिवार की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने बताया कि  विजय डड़सेना, स्व. लक्ष्मण डड़सेना एवं उषा डड़सेना के द्वितीय सुपुत्र थे। उनका जन्म 8 सितम्बर, 1975 को रायपुर में हुआ था। एक मार्च को अमरीका के शिकागो में उनका निधन हो गया। 

श्री कर ने बताया कि स्व. विजय डड़सेना बचपन से ही होनहार एंव प्रतिभाशाली थे। उनकी प्रारंभिक शिक्षा रायपुर से हुई और कम्प्यूटर इंजीनियरिंग उन्होंने इंदौर के से पूरी की। कॉलेज के दिनों में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी। उन्हें संगीत से काफी लगाव था और इसी शौक़ के कारण वे नाचा में राक्स्टार के रूप में जाने जाते थे। छत्तीसगढ़ी एवं हिंदी गानों के उनकी गहन रुचि थी। विजय नाचा के सक्रिय सदस्य थे और नाचा के सभी कार्यक्रमों में उनका सराहनीय योगदान रहता था। 

श्री कर ने बताया कि नाचा बनाने की नींव से उसके विस्तार के लिये वे सदैव तैयार रहते थे। 2019 में हुए नाचा के पहले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में उन्होंने सहसंचालक की भूमिका निभाई थी। फरवरी 2020 में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अमरीका प्रवास के दौरान विजय और उनके मित्रों द्वारा दी गई प्रस्तुति ने सबका मन मोह लिया था। वे उनके नाचा में अंतिम मगर ना भूलने वाले पल थे।

श्री कर ने बताया कि शिकागो में वे अपनी पत्नी वंदना डड़सेना, सुपुत्री वेन्या (12 वर्ष) एवं सुपुत्र व्यान (8 वर्ष) के साथ 15 साल से रह रहे थे। वे एक आज्ञाकारी पुत्र, अच्छे पति, आदर्श पिता और मिलनसार मित्र थे। उनका सरल, साधारण स्वभाव व निष्पक्ष व्यक्तित्व ही उन्हें सबसे अलग बनाती थी।  वे हमारे बीच नहीं रहे मगर उनकी यादें हमेशा हमारे दिलो में जिंदा रहेगी। 


अन्य पोस्ट