कारोबार

एनएमडीसी का लौह अयस्क प्रसंस्करण, स्लरी पाइपलाइन और पेलेट संयंत्र बस्तर में हुआ शुरू
28-Sep-2026 2:37 PM
एनएमडीसी का लौह अयस्क प्रसंस्करण, स्लरी पाइपलाइन और पेलेट संयंत्र बस्तर में हुआ शुरू

5,427 करोड़ की एकीकृत परियोजना का हिस्सा

हैदराबाद, 28 सितंबर। अमिताभ मुखर्जी, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, एनएमडीसी लिमिटेड ने बताया कि एनएमडीसी लिमिटेड ने छत्तीसगढ़ के नगरनार में अपने 2 मिलियन टन प्रति वर्ष (एमटीपीए) पेलेट संयंत्र को शुरू किया है, जो कि लौह अयस्क प्रसंस्करण, पाइपलाइन और पेलेट बनाने की 5,427 करोड़ रुपये की एकीकृत परियोजना का हिस्सा है। यह एकीकृत परियोजना बचेली में अपने लौह अयस्क संचालन को कंपनी के नगरनार में स्थित इस्पात संयंत्र से जोड़ता है ।

श्री मुखर्जी ने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत बचेली में एक नया लौह अयस्क प्रसंस्करण संयंत्र, 15 एमटीपीए स्लरी पाइपलाइन और नगरनार में 2 एमटीपीए पेलेट संयंत्र शामिल हैं। 135 कि.मी. की स्लरी पाइपलाइन बचेली से नगरनार तक संसाधित लौह अयस्क कॉन्संट्रेट ले जाती है, जो सडक़ द्वारा इस सामग्री की ढुलाई का विकल्प है।  पेलेट संयंत्र से प्रथम उत्पादन प्रक्रिया की निगरानी एनएमडीसी मुख्यालय से श्री अमिताभ मुखर्जी, अध्यक्ष-सह- प्रबंध निदेशक और कंपनी के वरिष्ठ नेतृत्व द्वारा की गई, क्योंकि खराब मौसम के कारण वे परियोजना स्थल तक नहीं पहुँच पाए।

श्री मुखर्जी ने बताया कि ये सुविधाएं एनएमडीसी को अपनी बैलाडीला खदानों से लौह अयस्क के फाइन्स और स्लाइम्स को कॉन्संट्रेट में संसाधित करने और बाद में कॉन्संट्रेट को छर्रों में बदलने में सक्षम बनाएंगी । यह पेलेट संयंत्र इस्पात-निर्माण में उपयोग के लिए पेलेट बनाने हेतु स्ट्रेट ग्रेट इंडुरेशन तकनीक का उपयोग करता है।

श्री मुखर्जी ने बताया कि सभी के लिए आज अत्यंत गर्व का दिन है । इस परियोजना को  पूरा करना आसान नहीं था । इसमें प्रसंस्करण सुविधाएं, वास्तविक स्लरी पाइपलाइन और पेलेट संयंत्र शामिल हैं । लेकिन आज का दिन बहुत खास है - एक ऐसा दिन जिसका हम लंबे समय से इंतजार कर रहे थे । यह वह दिन है जब हम सब का देखा हुआ सपना सच हो रहा है।


अन्य पोस्ट