कारोबार

उद्योग-हित में आवश्यक सहयोग देने ओपी का आश्वासन, स्टील व्यापारियों ने जताया आभार
28-Sep-2026 2:34 PM
उद्योग-हित में आवश्यक सहयोग देने ओपी का आश्वासन, स्टील व्यापारियों ने जताया आभार

जीएसटी मुद्दों पर विस्तृत चर्चा

रायपुर, 28 सितंबर। छत्तीसगढ़ स्पंज आयरन मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन, छत्तीसगढ़ स्टील री-रोलर एसोसिएशन एवं छत्तीसगढ़ मिनी स्टील प्लांट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी से मुलाकात कर स्टील उद्योग से जुड़े महत्वपूर्ण जीएसटी विषयों पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल में छत्तीसगढ़ स्पंज आयरन मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन से डॉ. मनीष मंडल, छत्तीसगढ़ स्टील री-रोलर एसोसिएशन से सुभाष अग्रवाल एवं छत्तीसगढ़ मिनी स्टील प्लांट एसोसिएशन से मनीष धूप्पड़ मौजूद थे।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बैठक के दौरान केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर अधिनियम की धारा 16(2)(सी) से उत्पन्न व्यावहारिक समस्याओं को प्रमुखता से वित्त मंत्री के समक्ष रखा गया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस प्रावधान के चलते कई ईमानदार एवं वास्तविक करदाताओं को उनके वैध इनपुट टैक्स क्रेडिट से वंचित होने की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया कि जिन करदाताओं ने निर्धारित नियमों का पालन करते हुए अपने सभी दायित्वों का विधिवत निर्वहन किया है, उन्हें किसी आपूर्तिकर्ता की गलती अथवा चूक के लिए दंडित नहीं किया जाना चाहिए। उद्योग प्रतिनिधियों ने इस विषय में व्यावहारिक एवं न्यायसंगत समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वित्त मंत्री  ओ.पी. चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि इन महत्वपूर्ण विषयों को 7 अक्टूबर को प्रस्तावित जीएसटी परिषद की बैठक में प्रभावी रूप से रखा जाएगा। उन्होंने उद्योग हित में उचित समाधान के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने का भी आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग हित में सकारात्मक रुख अपनाने तथा निरंतर सहयोग के लिए वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट