कारोबार
44वां मेमन कन्वेंशन और एन्युअल जनरल मिटिंग रायपुर में
रायपुर, 27 सितंबर। ऑल इंडिया मेमन जमात फेडरेशन ने बताया कि रायपुर के वीआईपी रोड स्थित सगुन फार्म रिसोर्ट में ऑल इंडिया मेमन जमात फेडरेशन का 44वां मेमन कन्वेंशन एवं एन्युअल जनरल मीटिंग (एजीएम) आयोजित होने जा रहा है। फेडरेशन के अनुसार इसमें देशभर की लगभग 520 मेमन जमातों का प्रतिनिधित्व होगा। 11 अप्रैल 1971 को बड़ौदा से शुरू हुई इस संस्था के वर्तमान अध्यक्ष इकबाल मेमन ऑफिसर के नेतृत्व में स्पोर्ट्स विंग, लेडिज विंग, यूथ विंग, लीगल, डिजास्टर मैनेजमेंट, मैरिज ब्यूरो और अन्य सामाजिक विंगों का विस्तार किया गया है।
फेडरेशन ने बताया कि सामाजिक एकजुटता बढ़ाने के उद्देश्य से मेमन डे की शुरुआत की, जो बाद में विश्व स्तर पर वर्ल्ड मेमन डे के रूप में मनाया जाने लगा और इसे जरूरतमंदों की सहायता तथा भाईचारे के कार्यों से जोड़ा गया है। संस्था सामाजिक एवं आर्थिक सहायता के क्षेत्र में मेडिकल हेल्प, आवास सहायता, विधवा महिलाओं को मासिक आर्थिक सहयोग तथा जरूरतमंद लोगों को बिना ब्याज लौटाने योग्य लिल्लाह फंड उपलब्ध कराने जैसे कार्य कर रही है। शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए महाराष्ट्र के जलगांव में एक स्कूल को विकसित कर संचालित किया जा रहा है, जिसमें एक हजार से अधिक बच्चे अध्ययनरत बताए गए हैं।
फेडरेशन ने बताया कि मालेगांव में पैरामेडिकल कॉलेज, भुसावल में डिग्री कॉलेज, जलगांव में इंटरनेशनल स्कूल और दाभोल में कॉलेज स्थापित करने की योजनाओं पर कार्य चल रहा है। इन शैक्षणिक संस्थानों में मेमन और मुस्लिम समाज के साथ-साथ गैर-मुस्लिम विद्यार्थी भी शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। सामाजिक सुधार के क्षेत्र में फेडरेशन ने मेमन समाज को तलाक-मुक्त बनाने, युवाओं को गुटखा एवं नशीले पदार्थों से दूर रखने तथा समाज में आपसी सहयोग बढ़ाने की मुहिम चलाने की बात कही है।