कारोबार

पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय की नवाचार-उद्यमिता संस्कृति सुदृढ़ करने कलिंगा को बनाया गया मेंटर
27-Sep-2026 2:16 PM
पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय की नवाचार-उद्यमिता संस्कृति सुदृढ़ करने कलिंगा को बनाया गया मेंटर

रायपुर, 27 सितंबर। कलिंगा विश्वविद्यालय ने बताया कि पीएम श्री विद्यालयों में नवाचार संस्कृति एवं उद्यमिता के विकास कार्यक्रम के अंतर्गत पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, नया रायपुर के लिए मेंटर उच्च शिक्षा संस्थान के रूप में स्वीकृति प्रदान की गई है। यह पहल भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, नवाचार प्रकोष्ठ तथा अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद के माध्यम से संचालित की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य विद्यालय के विद्यार्थियों के बीच नवाचार एवं उद्यमिता की संस्कृति को सुदृढ़ करना है।

विश्वविद्यालय ने बताया कि मेंटरशिप कार्यक्रम के अंतर्गत कलिंगा विश्वविद्यालय द्वारा विद्यालय को पाँच प्रमुख गतिविधियों के माध्यम से सहयोग प्रदान किया जाएगा। इनमें उद्यमशीलता कौशल का विकास, क्षेत्रीय भ्रमण एवं विचार सृजन, अवधारणा के प्रमाण, प्रारूप अथवा व्यवसाय मॉडल का विकास, उद्यमिता, नवोद्यम सहायता पारिस्थितिकी तंत्र एवं बौद्धिक संपदा अधिकार से संबंधित सत्र तथा प्रदर्शन दिवस और प्रदर्शनी के आयोजन के साथ-साथ नवाचार प्रतियोगिता के लिए नवीन विचारों को विद्यालय नवाचार परिषद में प्रस्तुत करना शामिल है।

विश्वविद्यालय ने बताया कि इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को अनुभवात्मक अधिगम के अवसर प्रदान करना तथा उन्हें नवाचार एवं उद्यमिता के व्यापक पारिस्थितिकी तंत्र से परिचित कराना है। डीआईसीई कार्यक्रम का क्रियान्वयन सितंबर 2026 से दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इस अवधि के दौरान प्रस्तावित गतिविधियों को सुव्यवस्थित एवं चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा। डीआईसीई गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलिंगा विश्वविद्यालय एवं पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, नया रायपुर के प्रतिनिधियों के बीच एक चर्चा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई।


अन्य पोस्ट