कारोबार

जलवायु जागरूकता को बढ़ावा देने कलिंगा विवि में चित्रकला प्रतियोगिता, पर्यावरण संरक्षण संदेश
26-Sep-2026 2:48 PM
जलवायु जागरूकता को बढ़ावा देने कलिंगा विवि में चित्रकला प्रतियोगिता, पर्यावरण संरक्षण संदेश

130 विद्यार्थियों की बढ़-चढ़ भागीदारी

रायपुर, 26 सितंबर।  कलिंगा विश्वविद्यालय, नया रायपुर ने बताया कि विश्व ओजोन दिवस 2026 के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और जलवायु जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय ठंडी पृथ्वी के लिए वैश्विक प्रयास रखा गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

कलिंगा ने बताया कि ग्रीन क्लब एवं विज्ञान संकाय के प्राणीशास्त्र विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के सहयोग से विश्वविद्यालय परिसर में किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी अमर प्रकाश सावंत एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. अनीता सावंत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जलवायु जागरूकता और प्रकृति के प्रति जिम्मेदार व्यवहार के महत्व के बारे में प्रेरित किया।

कलिंगा ने बताया कि चित्रकला प्रतियोगिता में कुल 130 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें भारत माता स्कूल के 52, केंद्रीय विद्यालय नया रायपुर के 24, क्रिस्टेल हाउस इंडिया के 9 तथा सेवा निकेतन के 5 विद्यार्थी शामिल रहे। इसके अतिरिक्त कलिंगा विश्वविद्यालय के 40 विद्यार्थियों ने भी प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। बाहरी संस्थानों से आए विद्यार्थियों के साथ उनके संबंधित शिक्षक एवं संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की विशेष बात सेवा निकेतन के मूक-बधिर एवं शारीरिक रूप से दिव्यांग विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही।


अन्य पोस्ट