कारोबार

ऑडिट रिपोर्ट और आयकर रिटर्न दाखिल करने अंतिम तिथि दो माह बढ़ाने कैट ने किया आग्रह
25-Sep-2026 2:50 PM
ऑडिट रिपोर्ट और आयकर रिटर्न दाखिल करने अंतिम तिथि दो माह बढ़ाने कैट ने किया आग्रह

केन्द्र को ज्ञापन

रायपुर, 25 सितंबर। व्यापारिक संगठन अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (कैट) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के अध्यक्ष  जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, उपाध्यक्ष  सुरिन्दर सिंह,  जीवत बजाज, प्रदेश महामंत्री अवनीत सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष विजय पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी, वासु माखीजा, राम मंधान, भरत जैन,  राकेश ओचवानी एवं शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि व्यापारियों के शीर्ष संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स कैट ने केंद्रीय वित्त मंत्री एवं केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड के अध्यक्ष को एक औपचारिक ज्ञापन भेजकर आकलन वर्ष 2026-27, वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कर ऑडिट रिपोर्ट और आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि दो माह आगे बढ़ाने का आग्रह किया है।

श्री पारवानी ने बताया कि आयकर पोर्टल की तकनीकी कमियों, उपयोगिताओं के देर से जारी होने और टीडीएस तथा टीसीएस के आंकड़ों के मिलान में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण देशभर के व्यापारी और कर सलाहकार भारी दबाव में हैं। कैट ने कर ऑडिट रिपोर्ट के लिए प्रपत्र 3सीए, 3सीबी और 3सीडी दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 से बढ़ाकर 30 नवंबर 2026 करने की मांग की है। ऑडिट वाले मामलों में आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 से बढ़ाकर 31 दिसंबर 2026 करने का आग्रह किया गया है। हस्तांतरण मूल्य निर्धारण से जुड़े मामलों में प्रपत्र 3सीईबी एवं संबंधित रिटर्न के लिए अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 दिसंबर 2026 और 31 जनवरी 2027 करने की मांग की गई है।

श्री पारवानी ने बताया कि कैट ने तिथि बढ़ाने के पीछे कई प्रमुख कारण बताए हैं। संगठन के अनुसार ऑडिट से संबंधित आयकर रिटर्न के प्रपत्र 3, 5 और 6 की ऑनलाइन एवं ऑफलाइन उपयोगिताएं अगस्त 2026 में काफी देर से उपलब्ध कराई गईं, जिससे चार्टर्ड अकाउंटेंट और लेखाकारों को काम पूरा करने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल सका। इसके अलावा प्रपत्र 26एएस और वार्षिक सूचना विवरण में भी विसंगतियां सामने आ रही हैं। ग्राहकों और बैंकों द्वारा काटे गए टीडीएस तथा टीसीएस का विवरण 26एएस और वार्षिक सूचना विवरण में समय पर या सही तरीके से प्रदर्शित नहीं होने के कारण आंकड़ों के मिलान में काफी समय लग रहा है।


अन्य पोस्ट