कारोबार
बीआईएस में कार्यशाला के साथ विभिन्न स्पर्धाएं
रायपुर, 23 सितंबर। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के रायपुर शाखा कार्यालय ने बताया कि हिन्दी पखवाड़ा 2026 के उपलक्ष्य में कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में एक दिवसीय हिन्दी कार्यशाला सह विविध प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया।
बीआईएस ने बताया कि इस कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती अनुरीता जोजो, वैज्ञानिक ई एवं प्रमुख, भारतीय मानक ब्यूरो, रायपुर शाखा कार्यालय ने की। उन्होंने अपने संबोधन में दैनिक कार्यालयी कामकाज में राजभाषा हिन्दी के अधिकाधिक, सहज और प्रभावी उपयोग पर बल दिया। कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन , क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर से वरिष्ठ हिन्दी अनुवाद अधिकारी श्री प्रवीण कुमार सोनी उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिन्दी के प्रयोग को सरल, सुगम और व्यावहारिक बनाने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियाँ एवं बहुमूल्य मार्गदर्शन साझा किया।
बीआईएस ने बताया कि कार्यशाला के साथ-साथ कार्यालयीन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिनमें-स्वरचित हिन्दी कविता पाठ प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन प्रतियोगिता, हिन्दी निबंध प्रतियोगिता, लेख प्रतियोगिता एवं राजभाषा नियम एवं ज्ञान प्रतियोगिता इन प्रतियोगिताओं में शाखा कार्यालय के लगभग 15 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अत्यंत उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का कुशल एवं सफल मंच संचालन स्मिथ कुमार, निजी सचिव द्वारा किया गया। सभी प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना की गई तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ।