कारोबार
मामागोतो के शैफ ने कॉस्मो दीवाज़ को दिया प्रशिक्षण
रायपुर, 22 सितंबर। रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मो दीवाज़ ने बताया कि रोटरी के बुनियादी शिक्षा एवं साक्षरता माह के तहत दीवाज़ द्वारा अविनाश वन स्थित मामागोतो रेस्तरां में सुशी बनाने की एक संवादात्मक एवं व्यावहारिक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य क्लब की सदस्यों में निरंतर सीखने और कौशल विकास की भावना को बढ़ावा देना था।
दीवा•ा ने बताया कि कार्यशाला के लिए दिल्ली से विशेष रूप से आए शेफ ने सदस्यों को जापानी व्यंजन सुशी बनाने की बारीकियों, इसमें उपयोग होने वाली सामग्रियों और इसकी सजावट एवं प्रस्तुति की कला से परिचित कराया। शेफ के मार्गदर्शन में क्लब की दीवाज़ सदस्यों ने सुशी को लपेटने, आकार देने और सजाने की तकनीकों को न केवल समझा, बल्कि स्वयं अपने हाथों से सुशी तैयार की। उत्साह और रचनात्मकता से भरे इस सत्र में सभी प्रतिभागियों को अपने द्वारा तैयार की गई सुशी घर ले जाने का अवसर भी मिला, ताकि वे अपने परिवार के साथ इसका आनंद उठा सकें।
दीवा•ा ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती और शिक्षा का दायरा केवल पारंपरिक कक्षाओं तक सीमित नहीं है। नया कौशल सीखना ज्ञानवर्धक होने के साथ-साथ आनंददायक भी हो सकता है। अंत में क्लब द्वारा दिल्ली से आए शेफ एवं मामागोतो प्रबंधन को इस अनूठे सीखने के अनुभव के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।