कारोबार
उत्कृष्ट ईएसजी प्रदर्शन पर एनएसई सस्टेनेबिलिटी की मिली मान्यता
रायपुर, 8 सितंबर। भारत की सबसे बड़ी निजी क्षेत्र की थर्मल पावर उत्पादक कंपनी अदाणी पावर लिमिटेड (एपीएल) ने बताया कि पर्यावरण, सामाजिक और गवर्नेंस के मोर्चे पर अपने प्रदर्शन में और सुधार किया है। एनएसई सस्टेनेबिलिटी के आकलन में कंपनी ने 66 का स्कोर हासिल किया है, जो वित्त वर्ष 2026 के 65 के स्कोर से अधिक है। एपीएल भारत की अन्य सभी प्रमुख थर्मल, मिक्स फ्यूल और इंटीग्रेटेड एनर्जी कंपनियों से आगे बनी हुई है।
एपीएल ने बताया कि यह ईएसजी के प्रति कंपनी की निरंतर प्रतिबद्धता और जिम्मेदार व्यावसायिक तौर-तरीकों के साथ सतत विकास पर उसके फोकस को दर्शाता है। कंपनी ‘एस्पायरिंग’श्रेणी में बनी हुई है। एनएसई सस्टेनेबिलिटी, एनएसई इंडाइसेज की सहायक कंपनी और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया ग्रुप का हिस्सा है। यह सेबी-रजिस्टर्ड ईएसजी रेटिंग प्रदान करता है।
एपीएल ने बताया कि अपने सालाना ईएसजी आकलन के तहत यह भारत की 500 सूचीबद्ध कंपनियों का मूल्यांकन करती है और निवेशकों तथा अन्य हितधारकों को किसी कंपनी की ईएसजी साख और लंबी अवधि में मूल्य सृजन की क्षमता का स्वतंत्र आकलन उपलब्ध कराती है। बेहतर ईएसजी स्कोर से शेयरधारकों का यह भरोसा मजबूत होता है कि कंपनी का गवर्नेंस मजबूत है, वह उभरते जोखिमों का सामना करने में सक्षम है, लंबी अवधि के निवेशकों के लिए आकर्षक है और समय के साथ सतत मूल्य सृजन करने की मजबूत स्थिति में है।
एपीएल ने बताया कि अदाणी पावर का कई ईएसजी पहलों और परिचालन उत्कृष्टता पर निरंतर फोकस उद्योग के सर्वश्रेष्ठ मानकों के अनुरूप है। कंपनी ने अपना कार्बन फुटप्रिंट कम करने के लिए अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल यूनिट्स जैसी उन्नत कम उत्सर्जन वाली तकनीकों को अपनाया है। एपीएल ने बताया कि ऊर्जा दक्षता से जुड़े उपायों के अलावा कंपनी ने अपने परिचालन में जल संरक्षण और कचरे के जिम्मेदार निपटान को भी प्राथमिकता दी है। सामाजिक मोर्चे पर कंपनी ने सामुदायिक विकास कार्यक्रमों का विस्तार किया है, जिनमें शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और कौशल विकास पर विशेष जोर दिया गया है। छात्रवृत्ति कार्यक्रम, स्वास्थ्य शिविर और आजीविका बढ़ाने वाली परियोजनाएं समावेशी विकास के प्रति अदाणी पावर की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।