कारोबार
50 बीपीएल महिलाओं को सिलाई मशीनें
रायपुर, 8 सितंबर। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने बताया कि सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर सशक्त रूप से रेखांकित करते हुए भारतीय स्टेट बैंक, भोपाल मंडल ने रायपुर में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण की दिशा में दो महत्वपूर्ण सामाजिक उत्तरदायित्व पहल कीं। एक ओर पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर को 33.16 लाख रुपये की लागत से उन्नत जीवनरक्षक एम्बुलेंस प्रदान की गई, वहीं दूसरी ओर जरूरतमंद एवं बीपीएल परिवारों की महिलाओं को स्वरोजगार से जोडऩे के उद्देश्य से 50 सिलाई मशीनों का वितरण किया गया।
बैंक ने बताया कि इन महत्वपूर्ण अवसरों पर भारतीय स्टेट बैंक के अध्यक्ष सी.एस. सेट्टी की गरिमामयी उपस्थिति रही। विशेष बात यह रही कि बैंक के सभी प्रबंध निदेशक अश्विनी तिवारी, राणा आशुतोष कुमार सिंह, राम मोहन राव अमरा एवं रवि रंजन भी एक मंच पर उपस्थित रहे। भारतीय स्टेट बैंक के शीर्ष नेतृत्व की इस सामूहिक उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की और भोपाल मंडल के लिए यह एक गौरवपूर्ण अवसर बना।
बैंक ने बताया कि सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत उपलब्ध कराई गई उन्नत जीवनरक्षक एम्बुलेंस अत्याधुनिक जीवनरक्षक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित है। आपातकालीन परिस्थितियों में गंभीर मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और सुरक्षित रूप से अस्पताल तक पहुंचाने में यह एम्बुलेंस महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। एम्बुलेंस को पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर के अधिष्ठाता डॉ. विवेक चौधरी ने प्राप्त किया। भोपाल मंडल के मुख्य महाप्रबंधक प्रभाष कुमार सुबुद्धि सहित मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय के सदस्य एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।