कारोबार
युवा कैट व्यापारिक बैठक में मैप्स के प्रबंध साझेदार ने तलाशे नये व्यवसाय अवसर
रायपुर, 7 सितंबर। युवा कैट ने बताया कि युवा उद्यमियों एवं व्यापारियों के बीच आपसी परिचय, व्यापारिक सहयोग एवं अनुशंसा संपर्क तंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से व्यापारिक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा उद्यमियों एवं व्यापारियों ने सहभागिता की तथा आपसी सहयोग के माध्यम से व्यापार को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया।
युवा कैट प्रदेश अध्यक्ष कांती पटेल, प्रदेश महामंत्री रतनदीप सिंह एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष भरत भूषण गुप्ता ने बताया कि व्यापारिक बैठक का मुख्य उद्देश्य युवा व्यापारियों को एक-दूसरे के व्यवसाय को समझने, नए व्यापारिक अवसर तलाशने तथा मजबूत अनुशंसा संपर्क तंत्र तैयार करने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान करना है।
मुख्य अतिथि पंकज माहेश्वरी, प्रबंध साझेदार, माहेश्वरी पब्लिसिटी सर्विस ने बताया कि आज का सफल व्यापारी केवल व्यवसाय तक सीमित नहीं रहता, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी ईमानदारी से निर्वहन करता है। उन्होंने कहा कि व्यापार में सफलता केवल लाभ कमाने से नहीं, बल्कि ग्राहक का विश्वास, बेहतर गुणवत्ता और मजबूत व्यावसायिक संबंध बनाने से प्राप्त होती है। व्यापार की सफलता के पांच महत्वपूर्ण मंत्र बताए: 1- ग्राहक सर्वोपरि, 2- गुणवत्ता, 3- विश्वास, 4- नैतिकता एवं पारदर्शिता, 5- स्वयं के ब्रांड का विकास
श्री माहेश्वरी ने बताया कि व्यवसाय में लाभ महत्वपूर्ण है, लेकिन ग्राहक का विश्वास और संतुष्टि उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवा उद्यमियों से आह्वान किया कि वे अपने व्यवसाय को केवल आज के लाभ के दृष्टिकोण से न देखें, बल्कि गुणवत्ता, विश्वास और मजबूत ब्रांड के माध्यम से भविष्य के लिए एक प्रतिष्ठित व्यवसाय खड़ा करें।