कारोबार

नियमित संवाद के साथ समस्याओं के समाधान पर व्यापारियों संग राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड बैठक
26-Aug-2026 3:21 PM
नियमित संवाद के साथ समस्याओं के समाधान पर व्यापारियों संग राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड बैठक

रायपुर, 26 अगस्त। राष्ट्रीयव्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के अध्यक्ष  सुनील सिंघी ने बताया कि  व्यापारियों के साथ नियमित संवाद एवं उनकी समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से प्रारंभ की गई वीसी संवाद बैठक श्रृंखला की 100वीं बैठक 24 अगस्त 2026 को आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) उन्होंने की।

श्री सिंघी ने बताया कि 100वीं वीसी संवाद बैठक केवल एक संख्या नहीं, बल्कि भारत सरकार और देश के व्यापारी समुदाय के बीच निरंतर संवाद, सहभागिता एवं विश्वास की मजबूत होती व्यवस्था का महत्वपूर्ण पड़ाव है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री  पीयूष गोयल के मार्गदर्शन में प्रारंभ की गई इस पहल का उद्देश्य देशभर के व्यापारियों को एक ऐसा प्रत्यक्ष एवं सहज मंच उपलब्ध कराना था, जहां उन्हें सरकारी योजनाओं एवं नीतियों की जानकारी मिले तथा वे अपनी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं सीधे बोर्ड के समक्ष रख सकें।  यह पहल अब निरंतर संवाद के एक प्रभावी माध्यम के रूप में स्थापित हुई है।

राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) में छत्तीसगढ़ के सदस्य अमर पारवानी ने बताया कि इन नियमित बैठकों के माध्यम से देश के छोटे, मध्यम एवं बड़े व्यापारियों को एक साझा मंच मिला है। व्यापारियों से प्राप्त समस्याओं एवं सुझावों को संबंधित मंत्रालयों और विभागों तक पहुंचाने के साथ-साथ बार-बार सामने आने वाले विषयों की पहचान कर उनके समाधान की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

श्री पारवानी ने बताया कि इस प्रक्रिया से सरकार और व्यापार जगत के बीच पारदर्शिता, विश्वास और सहयोग की भावना मजबूत हुई है। यह प्रधानमंत्री जी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास की भावना के अनुरूप सहभागी शासन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

श्री पारवानी ने बताया कि व्यापारी केवल वस्तुओं के क्रेता-विक्रेता नहीं हैं, बल्कि उत्पादक और उपभोक्ता के बीच महत्वपूर्ण सेतु हैं। देश के स्थानीय बाजारों को सक्रिय रखने, रोजगार एवं आजीविका के अवसरों को बढ़ाने तथा आर्थिक गतिविधियों को गति देने में व्यापारी समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए व्यापारी कल्याण सीधे तौर पर रोजगार, परिवारों की आजीविका और देश की आर्थिक शक्ति से जुड़ा हुआ विषय है।


अन्य पोस्ट