कारोबार
ट्रैफिक हैकाथॉन समीक्षा बैठक में चेंबर ने दिए सुझाव
रायपुर, 20 अगस्त। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने बताया कि रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आयोजित ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 के अंतर्गत सी-4, पुलिस कंट्रोल रूम, सिविल लाइन्स, रायपुर में एक महत्वपूर्ण परामर्श समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
श्री थौरानी ने बताया कि यह बैठक रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उनके नेतृत्व में चेंबर प्रतिनिधिमंडल एवं विभिन्न व्यापारिक एसोसिएशनों के पदाधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। बैठक के दौरान पुलिस प्रशासन और यातायात अधिकारियों के समक्ष चेम्बर प्रतिनिधिमंडल ने शहर के मुख्य बाजारों, थोक मंडियों एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए कई व्यावहारिक सुझाव रखे।
श्री थौरानी ने बताया कि शहर में यातायात के दबाव को कम करने के लिए कड़े और व्यावहारिक कदम उठाने की आवश्यकता है। यदि ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को शहर के बाहर पूर्ण रूप से स्थानांतरित कर दिया जाए, तो शहर की आधी ट्रैफिक समस्या का समाधान अपने आप हो जाएगा। इसके साथ ही मुख्य बाजारों में मल्टी-लेवल पार्किंग का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए और नो-पार्किंग जोन का स्पष्ट चिह्नांकन होना चाहिए।
श्री थौरानी ने बताया कि कमिश्नर संजीव शुक्ला ने चेम्बर द्वारा रखे गए सभी सुझावों को बेहद गंभीरता से लिया और उन पर त्वरित अमल करने का आश्वासन दिया और कहा कि सुगम और सुरक्षित यातायात शहर की जीवन रेखा है। ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 का मुख्य उद्देश्य आम जनता और व्यापारिक जगत की व्यावहारिक समस्याओं को समझकर तकनीक व जन-भागीदारी से उनका स्थायी समाधान निकालना है। व्यापारिक संगठनों के सुझाव यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होंगे।