कारोबार
आईसीएसआई रायपुर चैप्टर ने मनाया 28वां स्थापना दिवस
रायपुर, 19 अगस्त। द इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (आईसीएसआई) के रायपुर चैप्टर ने बताया कि रायपुर चैप्टर ने 28वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर कॉर्पोरेट और तकनीक-संचालित परिवेश में कंपनी सेक्रेटरीज की बदलती भूमिका पर केंद्रित एक फुल-डे सेमिनार का भव्य आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के आयकर आयुक्त श्री ऋतुपर्ण नामदेव ने शिरकत की।
आईसीएसआई ने बताया कि उनके साथ मंच पर आईसीएसआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीएस पवन जी चांडक, आईसीएसआई के केंद्रीय परिषद सदस्य सीएस आशीष कड़ोदिया, डब्लूआईआरसी-आईसीएसआई के चेयरमैन सीएस योगेश चौधरी, आईसीएसआई रायपुर चैप्टर के चेयरमैन सीएस वैभव मोहदीवाले और आईसीएसआई रायपुर चैप्टर की सचिव सीएस रिया थौरानी उपस्थित रहीं।
आईसीएसआई ने बताया कि आईपीओ की तैयारियों, वैल्यूएशन, कॉर्पोरेट गवर्नेंस, विनियामक अनुपालनों (रेगुलेटरी कंप्लायंस) और एक विकासशील उद्यम से सूचीबद्ध (लिस्टेड) कंपनी बनने तक के सफर में कंपनी सचिवों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। एआई युग में कंपनी सेक्रेटरीज विषय पर दूसरा सत्र सीएस अंशुल कुमार जैन द्वारा संबोधित किया गया। उन्होंने कॉर्पोरेट अनुपालन और गवर्नेंस पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रभाव तथा कंपनी सचिवों की निरंतर बदलती और उभरती भूमिका पर प्रकाश डाला।
अध्यक्ष सीएस पवन चांडक ने सदस्यों, छात्रों और इस पेशे के लाभ के लिए संस्थान द्वारा शुरू की जा रही विभिन्न नई पहलों की जानकारी दी। उन्होंने पेशेवर क्षमताओं को मजबूत करने, नई तकनीकों को अपनाने और बदलते कॉर्पोरेट परिवेश के लिए कंपनी सचिवों को तैयार करने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।