कारोबार

एमपीएमएससी पुरुष अंडर-19 आमंत्रण ट्रॉफी 2026 छत्तीसगढ़ ने 29 रनों से जीती
19-Aug-2026 3:23 PM
एमपीएमएससी पुरुष अंडर-19 आमंत्रण ट्रॉफी 2026 छत्तीसगढ़ ने 29 रनों से जीती

रायपुर, 19 अगस्त। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने बताया कि एमपीएमएससी पुरुष अंडर-19 आमंत्रण एक दिवसीय ट्रॉफी 2026 का आयोजन राजस्थान क्रिकेट संघ द्वारा 16 अगस्त 2026 से किया जा रहा है। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का दूसरा मुकाबला छत्तीसगढ़ अंडर-19 और गोवा अंडर-19 के बीच 17 अगस्त 2026 को मिराज क्रिकेट मैदान, उदयपुर, राजस्थान में खेला गया।

संघ ने बताया कि  छत्तीसगढ़ अंडर-19 ने गोवा को 29 रनों से हराया। गोवा अंडर-19 ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए छत्तीसगढ़ ने 47.5 ओवर में सभी 10 विकेट खोकर 273 रन बनाए। छत्तीसगढ़ की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज आदित्य वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 147 रनों की पारी खेली और प्रतियोगिता में अपना पहला शतक लगाया। संघ ने बताया कि उनके अलावा आर्यन सिंह ने 39 रन और ललित सोनकर ने 22 रन बनाकर टीम के लिए उपयोगी पारियां खेलीं। गोवा अंडर-19 की ओर से शमिक कामत ने 4 विकेट और ओम खंडोलकर ने 2 विकेट हासिल किए। 274 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोवा अंडर-19 की पूरी टीम 49.3 ओवर में 244 रन पर ऑल आउट हो गई। गोवा की ओर से विनीत कामत ने 86 रन बनाए। उनके अलावा आराध्या गोयल ने 34 रन और ध्रुव कामत ने 28 रन का योगदान दिया।

संघ ने बताया कि  छत्तीसगढ़ के गेंदबाजों ने गोवा के बल्लेबाजों को लंबी साझेदारियां बनाने का मौका नहीं दिया और नियमित अंतराल पर विकेट हासिल किए। छत्तीसगढ़ की ओर से आदित्य बैदवाल ने 3 विकेट, जबकि अगमजोत सिंह और आयुष कुमार सिंह ने 2-2 विकेट हासिल किए।


अन्य पोस्ट