कारोबार
रायपुर, 16 अगस्त। व्यापारिक संगठन अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (कैट) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के अध्यक्ष जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, उपाध्यक्ष सुरिन्दर सिंह, जीवत बजाज, प्रदेश महामंत्री अवनीत सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष विजय पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी, वासु माखीजा, राम मंधान, भरत जैन, राकेश ओचवानी एवं शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के प्रदेश कार्यालय में देश का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया।
श्री पारवानी ने बताया कि प्रदेश कार्यालय में ध्वजारोहण किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ देश की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता तैलीय चित्र पर माल्यार्पण कर राष्ट्रगान एवं वंदे मातरम के सुरों के साथ हुई, जिसने पूरे वातावरण को देशभक्ति की भावना से सराबोर कर दिया। 15 अगस्त केवल स्वतंत्रता का उत्सव नहीं है, यह हम सबके लिए आत्मसम्मान, बलिदान और संकल्प का दिवस है।
श्री पारवानी ने बताया कि हम केवल अपने तिरंगे को सलामी नहीं दे रहे, बल्कि उस संघर्ष को नमन कर रहे हैं जिसने हमें स्वतंत्र भारत का सपना साकार किया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को याद करते हुए, व्यापारियों की भूमिका को भी रेखांकित किया गया।