कारोबार

छत्तीसगढ़ी दर्शकों को बेहतर तकनीकी और सिनेमाई फिल्म का मिलेगा अनुभव, शहरी लोग जुड़ेंगे और रुझान बढ़ेगा-नीरा वर्मा
14-Aug-2026 1:52 PM
छत्तीसगढ़ी दर्शकों को बेहतर तकनीकी और सिनेमाई फिल्म का मिलेगा अनुभव, शहरी लोग जुड़ेंगे और रुझान बढ़ेगा-नीरा वर्मा

एनवी एंटरटेनमेंट की धमाकेदार फिल्म तहि बनबे मोर दुल्हनियां हो रही यू-ट्यूब में लांच

रायपुर, 14 अगस्त। छत्तीसगढ़ी फिल्मों की निर्माता एवं निर्देशिका नीरा वर्मा ने बताया कि उनकी नई फिल्म तहि बनबे मोर दुल्हनियां के गीत पहले ही एन वी एंटरटेनमेंट चैनल पर आ चुके हैं, जिन्हें दर्शकों द्वारा बहुत पसंद किया जा रहा है। फिल्म के मुख्य कलाकार एक्शन स्टार दिलेश साहू, सुपर स्टार अभिनेत्री अनिकृति चौहान, जीत शर्मा, अनिल शर्मा, पुष्पेंद्र सिंह, विक्रम राज, उपासना वैष्णव, अंकित सिंह देव, हेमा शुक्ला, अंशुल अवस्थी, संगीता निषाद, बोचकू और पूजा देवांगन हैं।

श्रीमती वर्मा ने बताया कि इस फिल्म में दर्शकों को एक्शन स्टार दिलेश साहू का जबरदस्त एक्शन देखने को मिलेगा। इसके साथ ही एक बार फिर छत्तीसगढ़ी स्टार अनिकृति चौहान अलग ही भूमिका में नजर आएंगी। वैसे तो यह पारिवारिक फिल्म है, लेकिन इसमें भरपूर एक्शन और नाटक भी देखने को मिलेगा। हमारा पूरा प्रयास था कि हम छत्तीसगढ़ के दर्शकों को बेहतर तकनीकी एवं सिनेमाई फिल्म का अनुभव दें, जिससे शहर के शहरी दर्शक भी इससे जुड़ें और छत्तीसगढ़ी फिल्मों की ओर उनका रुझान बढ़े।

श्रीमती वर्मा ने बताया कि तहि बनबे मोर दुल्हनियां फिल्म के निर्माण के बाद की सभी प्रक्रियाओं का काम प्राइम फोकस, मुंबई और जैम 8, मुंबई में हुआ है। फिल्म पारिवारिक, एक्शन, रोमांस, हास्य और नाटक से भरपूर है। फिल्म के निर्माण में सभी चरणों का बारीकी से ध्यान रखा गया है। रचनात्मक निर्माता ज्योतिरादित्य वर्मा ने बताया कि छत्तीसगढ़ के बाहर जब छत्तीसगढ़ी फिल्मों के संबंध में बात होती है तो शहरी छत्तीसगढ़ को नहीं दिखाया जाता और छत्तीसगढ़ की सुंदरता को दिखाने की दिशा में भी कम काम हुआ है।

श्री वर्मा ने बताया कि हमारी सोच थी कि हम ग्रामीण छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता को एक अच्छी कहानी के साथ पर्दे पर उतारें। फिल्म में दर्शकों को यह भी देखने को मिलेगा कि छत्तीसगढ़ में विकास हो रहा है। छत्तीसगढ़ की सुंदरता आपको इस फिल्म में देखने को मिलेगी। फिल्म के रंग संयोजन, पृष्ठभूमि संगीत और ध्वनि प्रभाव का विशेष ध्यान रखा गया है। इन सभी वजहों से फिल्म बहुत ही सिनेमाई और शानदार नजर आ रही है। मेरा निजी प्रयास रहेगा कि छत्तीसगढ़ी सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा सकूं, जिससे मेरी उम्र के युवा साथी स्वयं छत्तीसगढ़ी फिल्म से जुड़ सकें।


अन्य पोस्ट