कारोबार
कमल हाईट्स का आरडीए अध्यक्ष ने किया निरीक्षण
रायपुर, 8 अगस्त। रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री नंद कुमार साहू ने कौशल्या माता विहार योजना के सेक्टर-4 स्थित कमल हाईट्स रेसिडेंशियल परिसर का स्थल निरीक्षण कर रहवासियों की विभिन्न समस्याओं का जायजा लिया।
आरडीए ने बताया कि निरीक्षण के दौरान परिसर में गंदे नाली के पानी का भराव, सीवर लाइन के ओवरफ्लो होने तथा उद्यान की कमी सहित अन्य समस्याओं की जानकारी स्थानीय निवासियों से प्राप्त की गई। निरीक्षण के दौरान नगर पालिक निगम रायपुर के कार्यपालन अभियंता, जोन स्वास्थ्य अधिकारी, छत्तीसगढ़ विद्धुत मंडल के सहायक अभियंता, क्षेत्रीय पार्षद श्री विनय प्रताप ध्रुव सहित रायपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान आरडीए अध्यक्ष श्री नंद कुमार साहू ने नगर पालिक निगम के कार्यपालन अभियंता को निर्देशित किया कि कमल हाईट्स परिसर में गंदे नाली के पानी का प्रवेश तत्काल प्रभाव से रोकने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्वीकृत स्वीकृति के अनुसार नाली निर्माण एवं गंदे पानी की निकासी के लिए स्थायी समाधान शीघ्र क्रियान्वित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति पुन: निर्मित न हो।
आरडीए ने बताया कि अध्यक्ष श्री साहू ने जोन स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि परिसर में प्रतिदिन नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जाए तथा ब्लिचिंग पाउडर का छिडक़ाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि साफ-सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा रहवासियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।