कारोबार
डिजिटल पारदर्शिता हेतु प्री-बिड बैठक
रायपुर, 1 अगस्त। आर.डी.ए. अध्यक्ष श्री नन्द कुमार साहू एवं उपाध्यक्ष डॉ. जे.पी. शर्मा के मार्गदर्शन में प्राधिकरण द्वारा अपनी समस्त पुरानी एवं नई योजनाओं के जीआईएस (भौगोलिक सूचना प्रणाली) आधारित सर्वे कार्य के लिए निविदा आमंत्रित की गई है। इसी क्रम में निविदा प्रक्रिया के अंतर्गत प्री-बिड (पूर्व-निविदा) बैठक का आयोजन अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी की अध्यक्षता में किया गया।
श्री साहू ने बताया कि बैठक का उद्देश्य निविदा में भाग लेने वाली संस्थाओं एवं कंपनियों को कार्य की प्रकृति, तकनीकी मानकों तथा निविदा की शर्तों के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना था। प्री-बिड बैठक में देश की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। लगभग 20 कंपनियों ने बैठक में सहभागिता दर्ज कराई, जिनमें से 6 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्राधिकरण के सभाकक्ष में उपस्थित होकर तथा शेष कंपनियों के प्रतिनिधियों ने ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल होकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।
श्री साहू ने बताया कि बैठक के दौरान सहभागी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने निविदा की तकनीकी एवं वित्तीय शर्तों, कार्य के दायरे, सर्वे की कार्यप्रणाली, जीआईएस आधारित डाटा (आँकड़ा) संकलन, अभिलेखों के डिजिटलीकरण तथा अन्य प्रावधानों के संबंध में विभिन्न प्रश्न पूछे। प्राधिकरण के संबंधित अधिकारियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा सभी जिज्ञासाओं का विस्तारपूर्वक समाधान किया गया।
श्री साहू ने बताया कि जीआईएस (भौगोलिक सूचना प्रणाली) आधारित सर्वे के अंतर्गत समस्त योजनाओं के ले-आउट (विन्यास) को ड्रोन द्वारा तैयार इमेज (चित्र) पर सुपरइम्पोज (अध्यारोपित) कर डिजिटाइज किया जाना है। प्राधिकरण की समस्त संपत्तियों का भौतिक सत्यापन कर प्रत्येक को एक यूनिक (विशिष्ट) इकाई आई.डी. (पहचान संख्या) प्रदान की जाएगी। इसके माध्यम से संबंधित संपत्तियों की समस्त जानकारी, जैसे आबंटिती का नाम, भूखंड का क्षेत्रफल, लीज (पट्टा) अथवा फ्री-होल्ड (स्वामित्वाधिकार) आदि की जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।