कारोबार
रिकॉर्ड बिजनेस डेलीगेट पंजीयन शुरू-पारवानी
रायपुर, 27 जुलाई। व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेंद्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष परमानंद जैन, महामंत्री सुरिंदर सिंह, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी, राम मंधान, वासु मखीजा, भरत जैन, राकेश ओचवानी तथा शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा 12 से 15 अगस्त तक नई दिल्ली के प्रतिष्ठित भारत मंडपम में आयोजित होने वाले भारत व्यापार महोत्सव में छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक एवं रिकॉर्ड सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज कैट छत्तीसगढ़ की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश कार्यालय, रायपुर में सम्पन्न हुई।
कैट ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी ने की। बैठक में सरगुजा से बस्तर तक प्रदेश के 26 जिलों के जिला अध्यक्षों एवं प्रमुख पदाधिकारियों ने भाग लिया तथा प्रत्येक जिले से अधिकतम संख्या में बिजनेस डेलीगेट पंजीयन कराने का संकल्प लिया।
श्री पारवानी ने बताया कि भारत व्यापार महोत्सव केवल एक ट्रेड फेयर नहीं, बल्कि भारत की आर्थिक शक्ति, स्वदेशी उद्यमिता और वैश्विक व्यापार का सबसे बड़ा संगम है। यह महोत्सव देश के व्यापारियों, उद्योगपतियों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), नवप्रारंभों और युवा उद्यमियों के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए व्यापारिक अवसरों का प्रवेश द्वार सिद्ध होगा।