कारोबार

जर्मन लेखक मॉरिस ने डीपीएस रायपुर में मिल रही तकनीकी और व्यावहारिक शिक्षा को सराहा
25-Jul-2026 2:23 PM
जर्मन लेखक मॉरिस ने डीपीएस रायपुर में मिल रही तकनीकी और व्यावहारिक शिक्षा को सराहा

प्रवास में सांस्कृतिक-शैक्षणिक कार्यक्रम अवलोकन

रायपुर, 25 जुलाई। दिल्ली पब्लिक स्कूल, रायपुर के प्राचार्य रघुनाथ मुखर्जी ने बताया कि भारत और जर्मनी की संस्कृतियों का एक बेहद खूबसूरत और जीवंत संगम देखने को मिला।

श्री मुखर्जी ने बताया कि स्कूल परिसर में जर्मनी के प्रसिद्ध व्यक्तित्व और लेखक श्री ब्रैंडन क्यू. मॉरिस का आगमन हुआ। उनके इस विशेष प्रवास को यादगार बनाने के लिए स्कूल प्रशासन और छात्रों द्वारा कई शानदार सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जर्मनी के मूल निवासी श्री ब्रैंडन क्यू. मॉरिस एक विश्व प्रसिद्ध विज्ञान-कथा लेखक, भौतिक विज्ञानी और विज्ञान पत्रकार हैं।

श्री मुखर्जी ने बताया कि विज्ञान पत्रकारिता के क्षेत्र में 30 से अधिक वर्षों के समृद्ध अनुभव के साथ ब्रैंडन वैज्ञानिक रूप से सटीक और विचारोत्तेजक कथाएं लिखने के लिए जाने जाते हैं, जो पाठकों में जिज्ञासा और नवाचार की भावना जगाती हैं। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित लेखक होने के साथ-साथ एक बेहतरीन ऑनलाइन विज्ञान संप्रेषक भी हैं।  संस्थान परिसर में पहुंचने पर प्राथमिक विंग के नन्हे-मुन्ने छात्रों दीवा जैन और शिवान्या मिश्रा ने तिलक और आरती के साथ पारंपरिक भारतीय रीति-रिवाज से मॉरिस जी का आत्मीय स्वागत किया।

श्री मुखर्जी ने बताया कि इसके बाद मुख्य अतिथि ने मुख्य द्वार पर बनाई गई बेहद खूबसूरत और कलात्मक रंगोली की दिल खोलकर सराहना की। इस अवसर को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए स्कूल परिसर में एक पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जहां मुख्य अतिथि ने एक पौधा लगाया और पर्यावरण को हरा-भरा रखने का संदेश दिया। औपचारिक स्वागत के बाद स्कूल के मुख्य सम्मेलन कक्ष में एक विशेष शिष्टाचार बैठक आयोजित की गई, जिसमें विद्यालय की जानकारी दी गई। इस उच्चस्तरीय संवाद में वैश्विक शिक्षा प्रणाली, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा किए गए।


अन्य पोस्ट