कारोबार
हमारे सबसे आपातकालीन जटिल हृदय मामलों में से एक-डॉ. आहूजा
रायपुर, 22 जुलाई। रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल्स, रायपुर ने बताया कि चिकित्सकों ने 56 वर्षीय एक मरीज की जान बचाकर गंभीर हृदय आपातकाल के उपचार में बड़ी सफलता हासिल की। मरीज को भीषण हृदयाघात के बाद अत्यंत गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था। हृदयाघात के कारण उनका हृदय बुरी तरह प्रभावित हो चुका था और शरीर के अन्य अंगों तक पर्याप्त मात्रा में रक्त नहीं पहुंच पा रहा था। उनकी जान को तत्काल खतरा था।
हॉस्पिटल ने बताया कि रायपुर निवासी 56 वर्षीय राजेश साहू (नाम परिवर्तित) को सीने में तेज दर्द के बाद अस्पताल लाया गया। जांच में पता चला कि हृदय तक रक्त पहुंचाने वाली तीनों प्रमुख धमनियां गंभीर रूप से अवरुद्ध थीं। इसके साथ ही फेफड़ों में पानी भर गया था, हृदय की धडक़न अनियमित हो गई थी और हृदय की रक्त पंप करने की क्षमता भी काफी कम हो चुकी थी, जिससे उनकी स्थिति और अधिक गंभीर हो गई।
हॉस्पिटल ने बताया कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सबसे पहले रक्त के थक्के को घोलने वाली आपातकालीन दवा देकर हृदय तक रक्त प्रवाह बहाल करने का प्रयास किया। लेकिन समय पर उपचार शुरू होने के बावजूद मरीज की हालत लगातार बिगड़ती रही। मरीज की जान बचाने के लिए चिकित्सकों ने तुरंत एक्स्ट्रा कॉर्पोरियल मेम्ब्रेन ऑक्सीजनेशन (ईसीएमओ) तकनीक का सहारा लिया। यह गंभीर हृदय और फेफड़ों के मरीजों के लिए उपलब्ध सबसे उन्नत जीवनरक्षक तकनीकों में से एक है।
हॉस्पिटल ने बताया कि इस तकनीक ने कुछ समय के लिए मरीज के हृदय और फेफड़ों का कार्य संभाला, जिससे पूरे शरीर में रक्त और ऑक्सीजन की आपूर्ति बनी रही। इससे चिकित्सकों को मरीज की स्थिति स्थिर करने और सुरक्षित तरीके से जीवनरक्षक एंजियोप्लास्टी करने का समय मिल गया। मरीज की स्थिति नियंत्रित होने के बाद चिकित्सकों ने हृदय धमनियों की एंजियोग्राफी की, जिसमें कई गंभीर अवरोधों की पुष्टि हुई। इसके बाद आपातकालीन एंजियोप्लास्टी कर हृदय की मुख्य धमनी में औषधि-युक्त विशेष स्टेंट लगाया गया, जिससे रक्त प्रवाह सामान्य हो गया।