कारोबार

राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका, आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और नीति निर्माता बनेंगे-मिश्रा
09-Jul-2026 12:39 PM
राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका, आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और नीति निर्माता बनेंगे-मिश्रा

वायआईपी में 150 विद्यार्थियों ने संसदीय व्यवस्था-नेतृत्व का पाया जीवंत अनुभव

रायपुर, 9 जुलाई। यंग इंडियंस (वाईआई) रायपुर द्वारा आयोजित दो दिवसीय यंग इंडियन पार्लियामेंट (वायआईपी) 2026 का शुभारंभ आज ऐतिहासिक पुराना विधानसभा भवन, रायपुर में अत्यंत उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। कार्यक्रम में रायपुर के 11 प्रमुख विद्यालयों के लगभग 150 विद्यार्थियों ने भाग लेकर लोकतंत्र, संसदीय व्यवस्था और नेतृत्व का जीवंत अनुभव प्राप्त किया।

वाईआई रायपुर के चेयर पंकज सोमानी ने बताया कि यंग इंडियन पार्लियामेंट युवाओं को लोकतंत्र की कार्यप्रणाली समझने, तार्किक सोच विकसित करने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करने का एक सशक्त मंच है। इस अवसर पर वाईआई रायपुर की को-चेयर कविता पसारी, थलिर वर्टिकल के चेयर नूपुर मलानी, जॉइंट चेयर आदित्य अग्रवाल, वाईआई के पूर्व चेयरमैन एवं अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को पांच राजनीतिक दलों में विभाजित किया गया, जिनमें से दो दलों ने सरकार तथा तीन दलों ने विपक्ष की भूमिका निभाई।

श्री सोमानी ने बताया कि पूरे दिन दल गठन, विभिन्न मुद्दों पर चर्चा, प्रश्नकाल, नीति निर्माण, संसदीय बहस एवं विचार-विमर्श जैसे सत्र आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों ने अत्यंत आत्मविश्वास एवं गंभीरता के साथ अपनी भूमिका निभाई। कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायक क्षण तब रहा जब कोपलवाणी विद्यालय के छह श्रवण एवं वाणी बाधित विद्यार्थियों ने सांकेतिक भाषा एवं सहयोगी माध्यमों से अपने विचार प्रस्तुत किए।

श्री सोमानी ने बताया कि उन्होंने अपने दैनिक जीवन में आने वाली चुनौतियों और आवश्यक सुविधाओं के संबंध में प्रभावशाली सुझाव रखे। उपस्थित सभी अतिथियों एवं विद्यार्थियों ने उनके आत्मविश्वास और प्रस्तुति की सराहना की।

मुख्य अतिथि रायपुर उत्तर के विधायक श्री पुरंदर मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए संसदीय लोकतंत्र के महत्व, अनुशासन, जनसेवा एवं नेतृत्व के मूल्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और नीति निर्माता बनेंगे।


अन्य पोस्ट