कारोबार
अनुभवात्मक विधि शिक्षा मॉडल का परिणाम-विवेकानंदन
9वीं दस्तूर राष्ट्रीय प्रत्यक्ष कर मूट कोर्ट प्रतियोगिता में जीत
रायपुर, 8 जुलाई। हिदायतुल्लाह नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (एचएनएलयू), रायपुर ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की मूट कोर्ट प्रतियोगिताओं में अपनी शानदार सफलता का सिलसिला जारी रखते हुए 9वीं दस्तूर राष्ट्रीय प्रत्यक्ष कर मूट कोर्ट प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन गवर्नमेंट लॉ कॉलेज, मुंबई और द चैंबर ऑफ टैक्स कंसल्टेंट्स के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
एचएनएलयू ने बताया कि टीम में देवेश मिश्रा, रशलीन कौर सलूजा और अस्मि चंद्राकर शामिल थीं। तीनों छात्र बी.ए. एलएल.बी. (ऑनर्स) तृतीय वर्ष (बैच 2029) के विद्यार्थी हैं। टीम ने प्रतियोगिता के प्रत्येक चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के प्रारंभिक और क्वार्टर फाइनल दौर 13 जून 2026 को ऑनलाइन आयोजित किए गए, जबकि सेमीफाइनल आयकर अपीलीय अधिकरण (आईटीएटी), मुंबई में और फाइनल मुकाबला 27 जून 2026 को गवर्नमेंट लॉ कॉलेज, मुंबई में आयोजित हुआ।
एचएनएलयू ने बताया कि टीम ने न केवल प्रतियोगिता की चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की, बल्कि 12,000 की नकद पुरस्कार राशि भी जीती। व्यक्तिगत प्रदर्शन में भी एचएनएलयू के छात्रों ने शानदार उपलब्धि हासिल की। रशलीन कौर सलूजा को सर्वश्रेष्ठ वक्ता घोषित किया गया और उन्हें 5,000 का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं देवेश मिश्रा को द्वितीय सर्वश्रेष्ठ वक्ता का सम्मान मिला तथा उन्हें 3,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
विद्यार्थियों तथा संकाय मूट मार्गदर्शकों डॉ. अनिंध्य तिवारी और उनकी टीम को बधाई देते हुए एचएनएलयू के कुलपति प्रो. वी. सी. विवेकानंदन ने बताया कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय की लगातार सफलता उसके अनुभवात्मक विधि शिक्षा मॉडल का परिणाम है।
प्रो. विवेकानंदन ने बताया कि एचएनएलयू ने पारंपरिक मध्यावधि परीक्षा के स्थान पर मूट क्लिनिक जैसी अभिनव व्यवस्था शुरू की है, जिसने छात्रों में शोध, प्रारूप-लेखन, मौखिक वकालत और न्यायालयीन प्रस्तुति कौशल विकसित करने की प्रक्रिया को नई दिशा दी है। वास्तविक न्यायालयीन कार्यवाही जैसी परिस्थितियों में लगातार अभ्यास और मूल्यांकन से ऐसा सशक्त अधिवक्ता प्रशिक्षण तंत्र विकसित किया है, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करता है।