कारोबार
बैठक में गूंजा जुड़ें-सहयोग करें-आगे बढ़ें
रायपुर, 8 जुलाई। युवा कैट के प्रदेश अध्यक्ष कान्ति पटेल, प्रदेश महामंत्री रतनदीप सिंह एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष भरत भूषण गुप्ता ने बताया कि युवा कैट रायपुर द्वारा प्रत्येक माह आयोजित की जाने वाली मासिक व्यावसायिक बैठक का आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों, उद्यमियों एवं पेशेवरों को एक ऐसा सशक्त मंच प्रदान करना था, जहाँ वे आपसी परिचय, व्यापारिक अनुभवों का आदान-प्रदान, नए व्यावसायिक अवसरों की खोज तथा मजबूत संपर्क तंत्र के माध्यम से अपने व्यवसाय को नई दिशा दे सकें।
मुख्य अतिथि सरदार अमरजीत सिंह छाबड़ा, अध्यक्ष, राज्य अल्पसंख्यक आयोग, छत्तीसगढ़ शासन (राज्यमंत्री दर्जा) ने बताया कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में सफलता का सबसे बड़ा आधार मजबूत संपर्क तंत्र, पारस्परिक विश्वास एवं सहयोग की भावना है। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों से एक-दूसरे के साथ जुडक़र कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठित व्यापार ही प्रदेश की आर्थिक प्रगति का आधार है। उन्होंने युवा कैट की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए इसे व्यापारिक समाज के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायी बताया।
युवा कैट ने बताया कि व्यावसायिक बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े व्यापारियों, उद्योगपतियों, नवप्रारंभिक उद्यमों एवं युवा उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने व्यवसाय का परिचय देते हुए नए व्यापारिक संपर्क स्थापित किए तथा भविष्य में एक-दूसरे के साथ व्यापारिक सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान व्यापार विस्तार, ब्रांड निर्माण, डिजिटल विपणन, ग्राहक सेवा, व्यावसायिक संदर्भ सहयोग एवं आधुनिक व्यापारिक रणनीतियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी सार्थक विचार-विमर्श हुआ।